बिलासपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) सरकंडा के जबड़ापारा निवासी चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले से लूटपाट की कोशिश के मामले में फरार चल रहा आरोपित शहर में ही रहकर लूट की योजना बनाता रहा। पहली वारदात में असफल होने के बाद उसने दूसरा गैंग बनाया और मंगलवार की रात कट्टे की नोक पर ज्वेलरी व्यवसायी से मारपीट कर कार, करीब ढाई किलो सोना और साढ़े तीन लाख रुपये नकद लूट लिए।
मामले में शामिल चार आरोपितों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया, जबकि एक आरोपित को मध्य प्रदेश के अनूपपुर से गिरफ्तार किया गया है। कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
ऐसे हुई वारदात
बिलासपुर आईजी ने बिलासा गुड़ी में बताया कि सरकंडा क्षेत्र के राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी मंगलवार 17 फरवरी की रात 9:30 बजे वसंत विहार स्थित अपनी ज्वेलरी शॉप बंद कर घर जा रहे थे। रोज की तरह दुकान के जेवर कार में रखे थे। घर के पास पहुंचते ही बदमाशों ने वैन अड़ाकर उन्हें रोका और मारपीट कर कार समेत जेवर लूटकर फरार हो गए।
बुधवार रात सोनभद्र बॉर्डर स्थित सारादह जंगल के पास संदिग्ध कार को रोकने के दौरान बदमाशों ने गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में दिल्ली के विजय लांबा और गौतम बुद्ध नगर के मोनू उर्फ राहुल के पैर में गोली लगी। बरेली के करीम खान और राजस्थान के विनोद उर्फ बीनू को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
पहले भी की थी लूट की कोशिश
पूछताछ में पता चला कि विजय लांबा करीब चार महीने पहले शहर आया था। उसने रेकी कर जबड़ापारा निवासी लखन उर्फ नीटी देवांगन को लूटने की योजना बनाई थी। 19 दिसंबर की सुबह कट्टे की नोक पर लूट की कोशिश की गई, लेकिन वे असफल रहे। शिकायत पर पुलिस ने जांच कर गगनदीप बंसल को अनूपपुर से गिरफ्तार किया था, जबकि विजय फरार हो गया था। फरारी के दौरान वह फिर शहर लौट आया और नया गैंग बनाकर लूट की योजना बनाई।
गांजा तस्कर की मदद से भागे
यूपी पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि विजय लांबा तिहाड़ जेल से छूटने के बाद छत्तीसगढ़ आया था। यहां दो बाइक चोरी की और साथियों आमीर, शकील व गगनदीप के साथ लूट की कोशिश की थी। बाद में वह शहर में रहकर योजना बनाता रहा। उसने अपने भाई के माध्यम से झलमला टिकरीपारा निवासी मोहम्मद इरफान से संपर्क किया। इरफान ने आरोपितों को भागने में मदद की। अंबिकापुर के पास उसे डेढ़ लाख रुपये देकर वापस बिलासपुर भेज दिया गया।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपितों के पास से ढाई किलो सोना, एक लाख 46 हजार रुपये नकद, 32 बोर का देसी पिस्टल, दो कारतूस, 315 बोर का तमंचा, कारतूस और एक आई-20 कार बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपित
विजय लांबा, निवासी उत्तम नगर, दिल्ली
मोनू उर्फ राहुल, निवासी सोरखा, गौतमबुद्ध नगर, यूपी
विनोद उर्फ बीनू प्रजापति, निवासी दादाबाड़ी, कोटा, राजस्थान
करीम खान, निवासी सकलेन नगर, बरेली, यूपी
इरफान अली (32), झलमला टिकरीपारा, सीपत








