Home / राजधानी / *रायपुर में ‘जिंदा दफन’ हुआ मजदूर*

*रायपुर में ‘जिंदा दफन’ हुआ मजदूर*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी के कचना इलाके में एक निर्माणाधीन प्रोजेक्ट साइट पर शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। क्लब हाउस निर्माण के दौरान मिट्टी धंसने से एक मजदूर जिंदा दफन हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है। हादसे के बाद साइट पर हड़कंप मच गया और काम तत्काल बंद कर दिया गया।

8 फीट गहरे गड्ढे में काम करते समय हुआ हादसा

पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे मजदूर गुड्डू रवि अपने साथियों के साथ निर्माण कार्य में जुटा था। वह करीब आठ फीट गहरे गड्ढे में खड़ा होकर काम कर रहा था।

इसी दौरान उसका एक साथी पानी पीने के लिए वहां से हटा, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी का ढेर भरभराकर गुड्डू पर गिर गया। वह पूरी तरह दब गया और जब तक साथी मजदूर उसे बाहर निकाल पाते, तब तक दम घुटने से उसकी मौत हो चुकी थी।

झारखंड से आया था काम करने

मृतक की पहचान झारखंड के गढ़वा जिले निवासी गुड्डू रवि (कारपेंटर) के रूप में हुई है। वह संतोष कुमार नामक ठेकेदार के साथ करीब एक महीने पहले रायपुर काम करने आया था।

परिजनों को बीमारी बताकर बुलाया, अस्पताल में मिला शव

मृतक के भाई लिएंडर ने बताया कि शनिवार दोपहर उसकी गुड्डू से बात हुई थी। शाम करीब चार बजे गुड्डू के फोन से कॉल आया, जिसमें बताया गया कि उसकी तबीयत खराब है और रायपुर आ जाओ। जब वह परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचा, तो वहां गुड्डू मृत अवस्था में मिला। बाद में ठेकेदार ने बताया कि वह मिट्टी के नीचे दब गया था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार शाम को शव परिजनों को सौंप दिया गया। खम्हारडीह थाना प्रभारी आईपीएस मानसी नानाभाई साकुरे ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page