Home / छत्तीसगढ़ / *बिलासपुर में IPL सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, महापौर के भतीजे विशाल विधानी गिरफ्तार*

*बिलासपुर में IPL सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, महापौर के भतीजे विशाल विधानी गिरफ्तार*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

बिलासपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  सिटी कोतवाली पुलिस ने आइपीएल मैच में सट्टा खिलवाते महापौर पूजा विधानी के भतीजे विशाल विधानी के साथ ही उसके सहयोगी दीपक भक्तानी को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि इस गिरोह के तार गोवा निवासी मुख्य सरगना राजा अरोरा से जुड़े हैं, जो दुबई से सट्टा लिंक उपलब्ध कराता था। एक अन्य मामले में सिरगिट्टी पुलिस व एसीसीयू की टीम ने कार में बैठकर दांव लगवा रहे तीन सटोरियों को गिरफ्तार कर नकदी व सट्टे से जुड़े सामान बरामद किए हैं।
ऑनलाइन सट्टा खिलाते पकड़ा गया आरोपी

कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि उदई चौक बजरंग मंदिर के पास युवक ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है। सूचना पर पुलिस ने दबिश दी तो दो युवक मौके पर मैच देखते दिखाई दिए। युवक ने अपना नाम दीपक भक्तानी बताया। मोबाइल चेक करने पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा का कुछ मैसेज मिला। एएसआइ विजय राठौर युवक को हिरासत में लेकर थाने लेकर पहुंचे।

विशाल विधानी उपलब्ध कराता था सट्टा आईडी

पुलिस की पूछताछ में आरोपित दीपक भक्तानी ने स्वीकार किया कि वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच चल रहे मैच पर दांव लगवा रहा था। उसने यह भी बताया कि वह पिछले दो वर्षों से सट्टे के अवैध कारोबार में संलिप्त है। सट्टा खिलाने के लिए विशाल विधानी आइडी उपलब्ध कराता था और मुनाफे में आठ प्रतिशत हिस्सा लेता है। दीपक भक्तानी ने गोवा निवासी राजा अरोरा के भी सिंडिकेट में शामिल होने की जानकारी दी।

नगदी और मोबाइल जब्त, आरोपियों पर मामला दर्ज

पुलिस ने दीपक की निशानदेही पर विशाल विधानी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से चार कीमती मोबाइल फोन, एक सुजुकी स्कूटी और एक लाख 10 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों सटोरियों के खिलाफ धारा 7(2) छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट व 112 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच को आगे बढ़ा रही है।
वाट्सएप हिसाब-किताब और ऐप में स्कोर का खेल

आरोपित दीपक भक्तानी वाट्सएप और विशेष सट्टा ऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था। सट्टे की रकम का लेन-देन ऑनलाइन और नगद दोनों माध्यमों से होता था। पुलिस को मोबाइल से सट्टा पट्टी के कई स्क्रीनशाट मिले हैं, जिन्हें आरोपितों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से डिलीट करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें बरामद कर लिया।
राजा अरोरा से जुड़े तार, टीम जाएगी गोवा

पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य सरगना गोवा निवासी राजा अरोरा है, जिससे आरोपितों की मुलाकात दो साल पहले गोवा में हुई थी। राजा अरोरा ही दुबई और अन्य स्थानों से सट्टा आपरेट करने वाले लिंक प्रदान करता था। पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है जिनके जरिए यह पूरा संगठित अपराध संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने जल्द ही गोवा राजा अरोरा की तलाश में जाने की बात कही है।

लगातार बदल रहे थे लोकेशन, तीन पकड़े गए

दूसरे मामले में सिरगिट्टी पुलिस व एसीसीयू की टीम को सूचना मिली कि गुम्बर पेट्रोल पंप के पास एक सफेद रंग की क्रेटा कार सीजी 10 बीडी 8888 में सवार कुछ युवक, मोबाइल के माध्यम से स्थान बदल-बदलकर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना पर टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा, जिसमें रामेश्वर गुप्ता, दीपचंद सोनकर और सीताराम साहू सवार थे। जांच करने पर आरोपितों के मोबाइल में वाट्सएप के माध्यम से सट्टे के लेन-देन का विवरण मिला।

पुलिस ने मौके से पांच लाख एक हजार 300 रुपये नकद, चार मोबाइल और 10 लाख रुपये की क्रेटा कार जब्त की है। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे क्रिकेट मैच पर हार-जीत का दांव लगवा रहे थे। इनके खिलाफ धारा 7(2) छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट एवं 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर इन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

आनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए आरोपितों को रंगे हाथ पकड़ा गया है। इनके पास से भारी मात्रा में नगद और वाहन बरामद हुए हैं। अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।- गगन कुमार, सीएसपी सिटी कोतवाली बिलासपुर

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page