Home / छत्तीसगढ़ / *’आज जेल, कल बेल…’ रील बनी महंगी, पुलिस ने लगवाई फिजिकल सजा*

*’आज जेल, कल बेल…’ रील बनी महंगी, पुलिस ने लगवाई फिजिकल सजा*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

दुर्ग। (सियासत दर्पण न्यूज़) दुर्ग के उतई थाना परिसर में एक युवक द्वारा स्वयं का बनवाया हुआ रील इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा था। वायरल वीडियो में युवक मोबाइल पर बात करते हुए थाना परिसर से बाहर निकल रहा है। थाना परिसर से बाहर निकलने समय उसने ‘आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल’ भोजपुरी गाने पर रील बनाई।

सोशल मीडिया पर रील वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। रील में नजर आ रहे युवक को ढूंढ कर निकाला और थाने लाकर उससे उठक-बैठक कराई। युवक की पहचान हुकेश उर्फ हुक्का साहू के रूप में की गई है। मामले में पुलिस ने हुकेश के साथ रील बनाने में उसका सहयोग करने वाले आरोपित कनक चतुर्वेदी को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपित स्टेशन पारा मरौदा के रहने वाले हैं।

जमानत पर बाहर आते ही रीलबाजी, साथी भी गिरफ्तार

उतई थाना प्रभारी ने बताया कि रील बनवाने वाला आरोपित हुकेश उर्फ हुक्का साहू (27) के विरुद्ध नेवई थाना में आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध है। आरोपित को पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपित चार अप्रैल को जमानत पर रिहा होकर जेल से बाहर आया।

रील बनाने में आरोपित का सहयोग करने वाले उसके साथी कनक चतुर्वेदी (24) को पुलिस ने पकड़ लिया है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।

थाने की गरिमा प्रभावित करने पर हुई कार्रवाई

पुलिस की जांच में पाया गया कि उक्त वीडियो थाना परिसर के अंदर बनाया गया था, जिससे प्रशासनिक परिसर की गरिमा प्रभावित हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपित कब और किस काम से थाना आया था, इसके बारे में जानकारी नहीं लग पाई।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page