Home / राजधानी / *बैंक मित्र से 2 लाख की लूट, इलाके में दहशत का माहौल*

*बैंक मित्र से 2 लाख की लूट, इलाके में दहशत का माहौल*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में बैंक मित्र से दिनदहाड़े 2 लाख रुपए की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम देते हुए पहले पीड़ित पर मिर्च पाउडर फेंका। इसके बाद अपनी गाड़ी सामने लगाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

अभनपुर पुलिस के अनुसार, बिरोदा निवासी पोषण साहू बैंक मित्र के रूप में कार्य करता है। सोमवार शाम करीब 5 बजे वह अभनपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से 2 लाख रुपए निकालकर अपने गांव लौट रहा था।खोरपा और बिरोदा गांव के बीच पगडंडी मार्ग पर पहुंचते ही बाइक सवार दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

पीड़ित के अनुसार, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उसकी आंखों की ओर मिर्च पाउडर फेंक दिया। मिर्च पाउडर आंखों में जाने से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डगमगाने लगी। इसी दौरान आरोपियों ने अपनी बाइक उसके सामने अड़ा दी और नकदी से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाश बैंक से ही पोषण साहू की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। जैसे ही वह नकदी लेकर अपने गांव के लिए निकला, आरोपियों ने उसका पीछा किया और सुनसान रास्ते पर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस बैंक ऑफ बड़ौदा परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटना स्थल तक जाने वाले मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page