रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर के माना स्थित राय पब्लिक स्कूल में चौथी क्लास का 10 वर्षीय छात्र लक्ष्य पाल क्लास में बैठा था, तभी अचानक सीलिंग फैन टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में बच्चे की आंख के पास गंभीर चोट आई। घटना के बाद नाराज परिजन स्कूल पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
परिजनों के मुताबिक, घटना शनिवार की है। लक्ष्य पाल कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। अचानक छत से पंखा गिरने से वह घायल हो गया। बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के विरोध में पेरेंट्स स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगने पहुंचे थे।
घायल छात्र की मां पिंकी पाल ने आरोप लगाया कि, घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन ने उन्हें सूचना नहीं दी। उनका कहना है कि पहले बच्चे का इलाज कराया गया और बाद में परिवार को जानकारी दी गई।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि, यदि समय पर सूचना मिलती तो वे तुरंत अस्पताल पहुंच सकते थे।
प्रिंसिपल बोलीं- पंखा सीधे बच्चे पर नहीं गिरा
स्कूल की प्रिंसिपल पूजा विश्वास ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि, पंखा सीधे बच्चे के ऊपर नहीं, बल्कि उसके बगल में गिरा था। हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन ने बिना देर किए बच्चे को अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य पिछले सात वर्षों से स्कूल का छात्र है। बच्चे को चोट लगने के कारण पहले उसे अस्पताल ले जाया गया और उसके बाद अभिभावकों को सूचना दी गई।
सीमेंट शीट की छत में संचालित होता है स्कूल
परिजनों का कहना है कि स्कूल की कई कक्षाएं सीमेंट शीट की छत के नीचे संचालित होती हैं। घटना के बाद अभिभावकों ने स्कूल भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और पूरे मामले की जांच की मांग की। घटना माना थाना क्षेत्र की है। फिलहाल मामले को लेकर परिजनों और स्कूल प्रबंधन के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।






