Home / राजधानी / *नाले पर चला बुलडोजर, 23 अतिक्रमण हटे*

*नाले पर चला बुलडोजर, 23 अतिक्रमण हटे*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर नगर निगम ने बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को देखते हुए जोन-3 के गुरु घासीदास वार्ड क्रमांक-48 स्थित काशीराम नगर गली नंबर-1 में नाले पर किए गए करीब 23 पुराने अवैध कब्जों को हटा दिया। निगम का कहना है कि, इन कब्जों के कारण वर्षों से नाली का प्रवाह बाधित हो रहा था, जिससे गंदे पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-3 की जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे, सहायक अभियंता नरेश कुमार साहू, उप अभियंता अक्षय भारद्वाज और श्रुति चतुर्वेदी सहित नगर निवेश विभाग की टीम मौजूद रही।

निगम अधिकारियों के अनुसार, नाले पर बने अवैध कब्जों के कारण सफाई कार्य भी प्रभावित हो रहा था। कब्जे हटाने के बाद अब नाली की सफाई कराई जाएगी ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके और जलभराव की स्थिति न बने।

सड़क और नाली निर्माण की तैयारी

नगर निगम ने बताया कि कब्जे हटाने के बाद संबंधित स्थल पर जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए नई नाली और सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

लगातार जारी है कार्रवाई

रायपुर में जलभराव और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इससे पहले जोन-2 की टीम ने पंडरी स्थित होटल पुनीत और आसपास की दुकानों के सामने नाले पर बने आधा दर्जन से अधिक अवैध पाटों को जेसीबी से तोड़कर हटाया था।

निगम के मुताबिक इन कब्जों के कारण नाले की सफाई बाधित हो रही थी और बारिश में जलभराव की समस्या बढ़ रही थी। कार्रवाई के बाद नाले की सफाई कर जल निकासी सुचारु करने का काम शुरू किया गया।

वहीं, जोन-10 नगर निवेश विभाग ने बोरियाखुर्द नहर रोड पर करीब 5 एकड़ निजी भूमि पर दोबारा शुरू की गई अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की थी। टीम ने जेसीबी से अवैध मुरम सड़क काटकर प्लाटिंग स्थल तक पहुंचने का रास्ता बंद किया और बनाई गई अवैध नींव भी ध्वस्त कर दी।

नगर निगम का कहना है कि शहर में अवैध कब्जों, नालों पर बने पाटों और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page