कोरबा: (सियासत दर्पण न्यूज़) प्रेम विवाह के बाद पत्नी के मायके चले जाने से परेशान एक युवक के साथ उसके ही दोस्त ने कथित रूप से मारपीट कर दी। आरोप है कि दोस्त ने अपने भाई के साथ मिलकर युवक की पिटाई की, गला दबाया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
ग्राम बहरीझोरखी निवासी सुकसेन केरकेट्टा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि करीब सात माह पहले उसने ग्राम कटकोना निवासी ज्योति मिंज से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों साथ रह रहे थे। इस दौरान उसके दोस्त रामदुलार का घर आना-जाना था और उसकी पहचान सुकसेन की पत्नी से भी हो गई थी।शिकायत के मुताबिक करीब दो माह पहले पत्नी मायके चली गई। सुकसेन उसे वापस लाने दो-तीन बार कटकोना गया, लेकिन वह नहीं लौटी।
आरोप है कि 19 जुलाई की शाम करीब पांच बजे रामदुलार अपने भाई रामकुमार के साथ उसके घर पहुंचा और पत्नी को लेने जाने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। गाली-गलौज के बाद दोनों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, गला दबाया और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। मारपीट में सुकसेन के गले में चोट आई है।
पसान पुलिस ने सुकसेन केरकेट्टा की शिकायत पर आरोपित रामदुलार और रामकुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






