सियासत दर्पण न्यूज़ से मोहन तिवारी की खबर
सिमगा के पास NH पर बड़ा हादसा: जिला पंचायत अध्यक्ष की कार पलटी, बाल-बाल बचीं
बलौदाबाजार,, सियासत दर्पण न्यूज़,रायपुर-जांजगीर-चांपा नेशनल हाईवे पर मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब जांजगीर-चांपा जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता मिरी की कार सिमगा के पास अचानक सामने आए मवेशी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष बाल-बाल बचीं। कार के एयरबैग खुलने से उनकी जान बच गई और किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।जानकारी के मुताबिक, सत्यलता मिरी रायपुर से जांजगीर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सिमगा के पास नेशनल हाईवे पर अचानक एक गाय तेज गति से सड़क के बीच आ गई। गाय को देखकर चालक ने उसे बचाने के लिए कार को दूसरी तरफ मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हादसा काफी जोरदार बताया जा रहा है। टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार में सवार लोगों को गंभीर चोटों से बचाया जा सका। हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष सुरक्षित हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और मदद की। लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा और अध्यक्ष की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
हादसे के बाद सड़क पर पड़ी रही गाय
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की टक्कर के बाद गाय भी सड़क पर गिर गई थी। वह कुछ देर तक सड़क पर पड़ी रही। हालांकि कुछ समय बाद गाय उठकर वहां से चली गई। हादसे की वजह से हाईवे पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने में मदद की।
सुबह करीब 11:45 बजे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि यह सड़क हादसा आज सुबह करीब 11:45 बजे हुआ। उस समय जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर से जांजगीर-चांपा लौट रही थीं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली, क्योंकि दुर्घटना काफी गंभीर थी। कार को हुए नुकसान को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर जोरदार थी, लेकिन एयरबैग खुलने से बड़ी जनहानि टल गई।
हादसा भले ही टल गया हो, लेकिन इस घटना ने नेशनल हाईवे पर आवारा मवेशियों की समस्या, सड़क की स्थिति और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।सवाल यह भी है कि यदि इसी जगह कोई दोपहिया वाहन, बस या तेज रफ्तार भारी वाहन होता तो परिणाम कितना भयावह हो सकता था?
आज जनप्रतिनिधि की कार थी, कल किसी आम परिवार की बारी?

हाईवे पर आवारा मवेशियों का झुंड या सड़क पर बैठे मवेशी अब कोई नई समस्या नहीं है। ग्रामीण और वाहन चालक लंबे समय से इस समस्या को लेकर चिंता जताते रहे हैं। इसके बावजूद सड़क से मवेशियों को हटाने और उनके मालिकों की जवाबदेही तय करने को लेकर प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आती।
इस हादसे ने जिम्मेदारों के सामने सबसे बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—क्या प्रशासन किसी बड़ी जनहानि का इंतजार कर रहा है?
यदि अचानक सड़क पर गाय आ जाने से एक जिला पंचायत अध्यक्ष की कार अनियंत्रित होकर पलट सकती है, तो रात के समय इसी मार्ग से गुजरने वाले बाइक सवारों और छोटे वाहनों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
सड़क खराब हो तो चालक कितनी देर तक संभालेगा वाहन?
सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी के साथ ही *खराब सड़क, गड्ढे, उखड़ा हुआ मार्ग और पर्याप्त सड़क सुरक्षा संकेतकों का अभाव* भी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाता है। वाहन चालक अचानक सामने आए मवेशी को बचाने के लिए ब्रेक लगाता या दिशा बदलता है तो सड़क की स्थिति उसके लिए निर्णायक साबित होती है।
ऐसे में सवाल केवल चालक की सावधानी का नहीं, बल्कि
_”सड़क निर्माण, रखरखाव और यातायात सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले विभागों की कार्यप्रणाली का भी है।”_
एयरबैग ने बचाई जान, लेकिन हर वाहन में नहीं होती ऐसी सुरक्षा
इस हादसे में कार के एयरबैग खुलने से बड़ी अनहोनी टल गई। लेकिन हर वाहन अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस नहीं होता। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों के लिए अचानक सड़क पर आ जाने वाले मवेशी बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं।
एक छोटी सी चूक और कुछ सेकंड का समय किसी परिवार की पूरी जिंदगी बदल सकता है।
*हादसा प्रशासन के लिए चेतावनी या फिर एक और घटना बनकर रह जाएगा?*
यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत का आईना है। जिम्मेदार विभागों को अब यह तय करना होगा कि हाईवे पर मवेशियों की रोकथाम, सड़क की मरम्मत, पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
आज कार में एयरबैग था, इसलिए जान बच गई। कल किसी गरीब किसान, मजदूर, छात्र या परिवार के साथ यही घटना हुई तो क्या होगा?
प्रशासन और संबंधित विभागों के लिए यह हादसा एक बड़ा सवालिया निशान है। जरूरत अब बयान या औपचारिक निरीक्षण की नहीं, बल्कि हाईवे पर आवारा मवेशियों और खराब सड़कों की समस्या के स्थायी समाधान की है।
इम्पैक्ट बॉक्स
आवारा मवेशी , खराब सड़क , तेज रफ्तार जानलेवा खतरा
_हाईवे पर मवेशियों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था क्यों नहीं?सड़क की खराब स्थिति की नियमित निगरानी कौन करता है?
दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेत और रिफ्लेक्टर पर्याप्त हैं या नहीं?
मवेशियों को खुला छोड़ने वाले पशु मालिकों पर कार्रवाई कब होगी?
क्या प्रशासन किसी बड़ी जनहानि के बाद ही जागेगा?
_
यह हादसा टल गया, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।





