रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय पर्यटन स्थल चित्रकोट स्थित दंडामी लक्जरी रिसार्ट के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर पर्यटकों से आनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की आधिकारिक साख का दुरुपयोग करते हुए रिसार्ट की क्लोन वेबसाइट तैयार की और उसके माध्यम से आनलाइन बुकिंग के नाम पर पर्यटकों से अग्रिम राशि अपने खातों में ट्रांसफर कराई। मामले की शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक शिकायत छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल में पर्यटन अधिकारी के पद पर कार्यरत दिनेश जांगड़े ने की है। मंडल की ओर से 23 अगस्त को थाना तेलीबांधा में लिखित शिकायत दी गई थी। जांच में प्रथम दृष्टया वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद तीन मोबाइल नंबरों के धारकों को संदिग्ध आरोपित बनाया गया है।
गूगल सर्च से पर्यटकों को जाल में फंसाया
शिकायत के अनुसार साइबर अपराधियों ने बस्तर के चित्रकोट स्थित प्रसिद्ध दंडामी लक्जरी रिसार्ट के नाम पर फर्जी वेबसाइट तैयार की। वेबसाइट को इस तरह डिजाइन किया गया था कि पहली नजर में वह पर्यटन मंडल की अधिकृत वेबसाइट जैसी दिखाई दे। इसमें छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के आधिकारिक लोगो, दंडामी रिसार्ट की तस्वीरों और प्रबंधन से संबंधित पदनामों का इस्तेमाल किया गया।
ठगों ने वेबसाइट को इस तरह प्रचारित किया कि गूगल पर रिसार्ट की जानकारी और बुकिंग तलाशने वाले पर्यटक फर्जी वेबसाइट तक पहुंच जाएं। इसके बाद पर्यटकों को रिसार्ट में कमरा बुक कराने के नाम पर संपर्क कराया जाता था और अग्रिम भुगतान फर्जी माध्यमों से कराने का आरोप है।
कई पर्यटकों से ठगी की शिकायत
पर्यटन मंडल के अनुसार इस फर्जी वेबसाइट के माध्यम से बस्तर घूमने पहुंचे कई पर्यटकों के साथ वित्तीय धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आई हैं। पर्यटकों ने रिसार्ट की बुकिंग के लिए वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया। इसके बाद उनसे एडवांस राशि जमा कराई गई।
भुगतान करने के बाद जब पर्यटक वास्तविक रिसार्ट पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके नाम से कोई बुकिंग ही नहीं हुई थी। इसके बाद मामले की जानकारी छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल तक पहुंची। मंडल ने फर्जी वेबसाइट, मोबाइल नंबर और डिजिटल भुगतान से जुड़े साक्ष्यों को जुटाकर पुलिस को शिकायत सौंपी।






