रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बाद से मौसम ड्राई बना हुआ है। लेकिन कल यानी (15 अक्टूबर) से दक्षिण छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है, जिससे अगले 2 दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम बदलने की वजह उत्तर प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन का एक्टिव होना है। इसके असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है।
इस मौसमी सिस्टम का असर खत्म होने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की एक्टिविटी बढ़ने के साथ ही तापमान में गिरावट आएगी, जिससे प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान 33.2°C रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया है।
रायपुर में गर्मी और उमस रहेगी
रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन भारी बारिश न होने से तीखी धूप और हवा में नमी के चलते दिनभर उमस परेशान करेगी। बीते 24 घंटे में शहर का अधिकतम तापमान 33.2°C और न्यूनतम तापमान 23.6°C दर्ज किया गया था।
आज भी पारा 33°C (अधिकतम) और 23°C (न्यूनतम) के आसपास बने रहने की संभावना है, जिससे खासकर दोपहर के वक्त तपिश महसूस होगी।






