रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) डिजिटल साक्ष्य जुटाने और आरोपियों को सजा दिलाने पुलिसकर्मियों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू; डीजी (प्रशिक्षण) जीपी सिंह ने साझा किया पुराना अनुभव
राज्य में पिछले 10 माह के भीतर 41667 लोग साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए हैं। ठगों ने इनके खातों से 161 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम पार कर दी। इनमें से सिर्फ एक प्रतिशत से कम मामलों में केस दर्ज किया गया है। बाकी मामलों की जांच चल रही है।
सिर्फ रायपुर में ही 6783 लोगों से ठगी हुई है। इनमें पुलिस कमिश्नरेट में 5919 और रायपुर ग्रामीण में 864 शिकायतें साइबर पोर्टल पर दर्ज हुई हैं। रायपुर में भी साइबर ठगी के मामलों में बहुत कम एफआईआर दर्ज हुई हैं। अधिकांश मामलों में आरोपी पकड़े नहीं गए हैं। कई ऐसे भी मामले सामने आए जिनमें आरोपी पकड़े भी गए लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ है। जबकि साल के आखिरी यानी दिसंबर तक इन मामलों का निराकरण करना है। इसके बाद भी इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इधर, साइबर अपराध को लेकर केंद्र से लेकर राज्य सरकार लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रही है। जांच अधिकारियों को तकनीकी ज्ञान से लेकर हर तरह की जांच की जानकारी दी जा रही है। लेकिन थानों में आने वाली शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
मास्टरमाइंड तक नहीं पहुंच रही पुलिस
साइबर क्राइम एक्सपर्ट मुकेश चौधरी के मुताबिक, पुलिस अधिकांश मामलों में खाताधारक और सिम मालिक तक ही पहुंच पाती है। गिरोह के मास्टरमाइंड पकड़ से बाहर रहते हैं। डेटा किसने बेचा, गिरोह किसने बनाया, ठगी की रकम किसके पास पहुंची और इसका संचालन कौन कर रहा है, इसकी जांच जरूरी है। म्यूल अकाउंट और सिम मालिकों से आगे बढ़कर मास्टरमाइंड तक पहुंचना होगा।
नागरिकों को आर्थिक नुकसान से बचाना :जीपी सिंह
राज्य में साइबर अपराधों की विवेचना मजबूत करने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में पुलिसकर्मियों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू किया गया है। इसमें डीजी (प्रशिक्षण) जीपी सिंह ने कहा कि हर रेंज मुख्यालय में साइबर थाना और फॉरेंसिक जांच के लिए साइबर लैब खोलने का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय भेजा गया था, जिसे शासन ने मंजूरी दी। साइबर विवेचना का उद्देश्य अपराधियों की पहचान के साथ नागरिकों को आर्थिक नुकसान से बचाना और समय पर न्याय दिलाना भी है। इस दौरान एसएसपी अभिषेक पल्लव और एएसपी सोनिया उपस्थित रहीं।





