*कोरबा में वृद्धा की गला घोंटकर हत्या*

3

कोरबा। (सियासत दर्पण न्यूज़) कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम लाद में 70 वर्षीय वृद्धा पद्मनिया बाई की घर में अकेले सोते समय गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपित ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसने के बाद नायलान की रस्सी से गला कस दिया था। गुरुवार रात हुई वारदात का पता शुक्रवार सुबह तब चला, जब बहू घर पहुंची।

हत्या के बाद आरोपित ने घटनास्थल पर ही शौच भी किया। फारेंसिक जांच में सामने आए इन तथ्यों के बाद घटनाक्रम टोना-जादू के संदेह के इर्द-गिर्द घूम रहा है। हालांकि हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

अकेले रहती थीं पद्मनिया बाई, बहू को मिली मृत अवस्था में

ग्राम लाद निवासी पद्मनिया बाई, पति स्व. जयलाल, सड़क किनारे स्थित मकान में अकेली रहती थीं। उनका पुत्र और बहू पास ही रहते हैं। गुरुवार रात वृद्धा घर में सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात हमलावर घर में घुसा और मुंह में कपड़ा ठूंसकर रस्सी से गला घोंट दिया। शुक्रवार सुबह बहू रोजाना की तरह घर पहुंची तो वृद्धा मृत अवस्था में मिलीं। घटना सामने आते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

फारेंसिक जांच में मिले अहम संकेत

फारेंसिक जांच में संकेत मिले हैं कि हत्यारे ने घर में रखी रस्सी काटी और उसी का इस्तेमाल गला घोंटने के लिए किया। हत्या में किसी अन्य वस्तु का भी इस्तेमाल किया जा सकता था, लेकिन शोर न हो, इसलिए गला घोंटने का तरीका अपनाए जाने की आशंका है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वृद्धा की नींद के दौरान हत्या की गई या कोई परिचित दरवाजा खटखटाकर घर के भीतर पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया।

घटनास्थल से गंध लेकर खोजी कुत्ता बाघा गांव के तालाब तक पहुंचा, लेकिन आगे सुराग नहीं मिल सका। वारदात के बाद बारिश होने से खोजी कुत्ते की मदद से हत्यारे की दिशा का पता लगाने में बाधा आई। घटनास्थल पर हत्या के बाद शौच किए जाने का तथ्य भी जांच में सामने आया है। पुलिस इन परिस्थितियों को जोड़कर हत्या की वजह और आरोपित तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page