*मेडिकल मॉल में 29.90 लाख की ठगी*

3

राजनांदगांव। (सियासत दर्पण न्यूज़) मेडिकल मॉल की फ्रेंचाइजी देने और हर महीने दो लाख रुपये लाभांश का झांसा देकर 29.90 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। नंदई चौक निवासी नितेश कुमार सुराना की शिकायत और न्यायालय के आदेश पर बसंतपुर पुलिस ने तस्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के तीन संचालकों विकास पाल, प्रसून पाल, सौरभ मिश्रा और प्रतिनिधि आकाश एन. पाठक के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

शिकायत के अनुसार, 18 दिसंबर 2023 को दोनों पक्षों के बीच ‘तस्कर-इंडिया फर्स्ट हेल्थकेयर मॉल’ के संचालन के लिए अनुबंध हुआ था। इसके तहत परिवादी ने दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच आरटीजीएस और चेक के माध्यम से कंपनी के यस बैंक खाते में जीएसटी सहित कुल 29.90 लाख रुपये जमा कराए थे और मॉल संचालन के लिए अपनी इमारत भी उपलब्ध कराई थी।

हर महीने लाभांश का भरोसा

अनुबंध से पहले कंपनी के प्रतिनिधि ने हर महीने दो लाख रुपये रिटर्न देने का भरोसा दिलाया था। शर्तों के मुताबिक, परिवादी को केवल भवन उपलब्ध कराना था, जबकि मॉल का संचालन, कर्मचारियों की व्यवस्था और अन्य सेवाओं की जिम्मेदारी कंपनी की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, मई 2025 तक उसे करीब तीन लाख रुपये कमीशन दिया गया, लेकिन इसके बाद दवाओं की आपूर्ति बंद कर दी गई। अक्टूबर 2025 में कंपनी के प्रतिनिधि मेडिकल मॉल पर ताला लगाकर चले गए। संपर्क करने पर उनके मोबाइल बंद मिले और मैसेज व ई-मेल का भी कोई जवाब नहीं दिया गया।

जयपुर और दुर्ग में मामले

परिवाद में उल्लेख किया गया है कि संबंधित कंपनी के विरुद्ध राजस्थान के जयपुर और छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। परिवादी ने 12 अक्टूबर 2025 को बसंतपुर थाने में शिकायत दी थी और बाद में न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राजनांदगांव ने दो जुलाई 2026 को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page