सूरजपुर :(सियासत दर्पण न्यूज़) देशभर में फैले साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का तार सूरजपुर से जुड़ने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में संचालित एक बैंक खाते के माध्यम से देश के 21 राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों से जुड़ी शिकायतों में 113 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन सामने आया है।
जांच में यह भी पता चला कि ठगी की रकम को बैंक खाते में प्राप्त करने के एवज में आरोपितों को 13 लाख रुपये कमीशन मिला था। इस रकम को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर चेक और एटीएम के जरिए निकाला गया। पुलिस इस मामले में पहले ही एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत कर चुकी है। अब दो और गिरफ्तारियों के बाद मामले में फरार एक अन्य आरोपित की तलाश तेज कर दी गई है।
संदिग्ध खातों की जांच में हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के पोर्टल से विभिन्न बैंकों में संचालित संदिग्ध खातों की जानकारी प्राप्त हुई थी। इसी आधार पर सूरजपुर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के नाम से संस्था का पंजीयन कराकर बैंक खाता खुलवाया था।
इस खाते के केवाईसी और बैंक विवरण खंगालने पर साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का राजफाश हुआ। देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतों में कुल 1,13,32,09,604 रुपये की ठगी की रकम का इस खाते के माध्यम से लेनदेन पाया गया। इसके बाद थाना सूरजपुर में बीएनएस की धारा 317(4), 318(6), 61(2)(ए) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
13 करोड़ के लेनदेन पर मिला 13 लाख का कमीशन
विवेचना में सामने आया कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के एसबीआई खाते में ही करीब 13 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था। इस रकम को खाते के माध्यम से प्राप्त करने और आगे लेनदेन कराने के एवज में कुल 13 लाख रुपये कमीशन मिला था।
पुलिस जांच में कमीशन की रकम के बंटवारे का भी पता चला। इसमें देवनारायण चक्रधारी को आठ लाख रुपये, अमन पासवान को दो लाख रुपये और जिशान रजा को ढाई लाख रुपये मिलना पाया गया। कमीशन की रकम को जिशान द्वारा चेक और एटीएम के माध्यम से बैंक से निकाला गया था। आरोपितों ने पूछताछ में इस रकम को खर्च करना बताया है।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर पुलिस लगातार आरोपितों की पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर अमन पासवान (32 वर्ष), निवासी पंखानजूर, थाना पंखानजूर, जिला कांकेर तथा जिशान रजा (30 वर्ष), निवासी नवापारा सूरजपुर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में पूर्व में देवनारायण चक्रधारी की गिरफ्तारी हो चुकी है और उसके विरुद्ध न्यायालय में अभियोग पत्र भी प्रस्तुत किया जा चुका है। अब पुलिस एक अन्य फरार आरोपित की तलाश कर रही है। इतनी बड़ी रकम के लेनदेन के पीछे सक्रिय नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों को लेकर विवेचना जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, एसआई सकलूराम भगत सहित थाना सूरजपुर की पुलिस टीम सक्रिय रही।
