अंबिकापुर : (सियासत दर्पण न्यूज़) इंटरनेट मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए हाथियों की तस्वीर लेने, वीडियो बनाने के लिए न जाएं। हाथियों के ऊपर ड्रोन न उड़ाएं। यह अवैधानिक है। वन विभाग ने यह चेतावनी इसलिए दी है क्योंकि रेडियो कालरिंग के बाद कबरा हाथी अब 17 हाथियों के दल के पास पहुंच गया है और लोग उसके नजदीक जाकर वीडियो-तस्वीर लेने की कोशिश कर रहे हैं।
विभाग को अब सेटेलाइट के माध्यम से उसकी उपस्थिति का स्पष्ट पता चलने लगा है। हाथियों के दल के नजदीक उसके विचरण से व्यवहार में भी परिवर्तन होना तय माना जा रहा है। ऐसी परिस्थिति में वन विभाग ने जन सामान्य से अपील की है कि हाथियों को असुरक्षित तरीके से खदेड़ने का प्रयास न करें। समझाइश के बाद भी यदि लोग नहीं मानते हैं तो उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई का भी प्रविधान है।
सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में कबरा हाथी द्वारा की जा रही जनहानि को देखते हुए विशेषज्ञों की मदद से वन विभाग ने उसके गले पर रेडियो कालर लगाया है। यह अत्याधुनिक तकनीक का है। इसमें सेटेलाइट के जरिये उसकी उपस्थिति का तो पता चलता ही है, एक निश्चित दूरी पर एंटीना लेकर चलने पर वेरी हाई फ्रेक्वेन्सी से सिग्नल भी मिलता है। दोनों तकनीक से हाथी का लोकेशन मिलने लगा है।
कालरिंग के बाद 24 घण्टे तक कबरा हाथी का मूवमेंट थोड़ा कम था लेकिन अब यह उदयपुर के दौलतपुर के नजदीक जंगल में 17 हाथियों के झुंड से बमुश्किल 500 मीटर की दूरी पर है। इसे वन अधिकारी स्वाभाविक इसलिए मान रहे हैं क्योंकि नर हाथी समूह से थोड़ा दूर ही रहता है। चूंकि वह इंसानों के संपर्क में आया था इसलिए भी झुंड के दूसरे हाथी अभी उससे थोड़ी दूर हैं लेकिन इस परिस्थिति को यह माना जा रहा है कि वह झुंड का हिस्सा बन चुका है।
झुंड में हाथी के छोटे बच्चे भी हैं इसलिए उनका मूवमेंट बच्चों के आधार पर होता है। कबरा हाथी के व्यवहार को भी विभाग अब सामान्य मान रहा है।
वर्तमान में वन अधिकारी-कर्मचारी इसलिए परेशान हैं कि लोग हाथियों की वीडियो बनाने, तस्वीर लेने उनके नजदीक जाने की कोशिश कर रहे हैं। यह खतरनाक स्थिति है। आखिरकार सभी जंगली हाथी हैं। उनके ऊपर ड्रोन उड़ाकर भी वीडियो बनाने और तस्वीर लेने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने ऐसा नहीं करने की अपील की है।
इंसानों की भीड़ देखकर आक्रामक हो सकता है हाथी
हाथियों को जंगल क्षेत्र में ही स्वच्छंद रूप से विचरण करने देने के लिए आग्रह किया गया है ताकि वह आक्रामक ना हो। हाथियों को असुरक्षित तरीके से खदेड़नेअथवा उनके नजदीक जाने से हादसे का भी भय बना रहता है। हाथी इंसानों की भीड़ देखकर उग्र भी होते हैं और हमला करने की भी कोशिश करते हैं
इसलिए हाथियों को परेशान नहीं करने की भी अपील की गई है। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई का भी प्रविधान है लेकिन विभाग नहीं चाहता कि लोगों पर कार्रवाई हो इसलिए हाथियों से दूरी बनाकर रखना और उन्हें अपने क्षेत्र में विचरण करने देने का आग्रह किया जा रहा है।
वर्जन
कबरा हाथी का व्यवहार अब पूरी तरह से सामान्य है। वह झुंड के बेहद करीब है। हाथियों की मोबाइल से फ़ोटो,वीडियो बनाने का प्रयास न करें। हाथियों के ऊपर ड्रोन भी न उठाएं। इससे हाथी उत्तेजित होते हैं।
डा प्रणय मिश्रा
मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी
सरगुजा
