रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) राजनांदगांव में चेक क्लियरिंग में महज दो दिन की देरी भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को भारी पड़ गई। बैंक की दिग्विजय स्टेडियम शाखा ने 50 हजार रुपए का चेक समय पर क्लियरिंग के लिए आगे नहीं भेजा। इस देरी के कारण चेक की 90 दिन की वैधता समाप्त हो गई और भुगतान अटक गया। मामले में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने बैंक को सेवा में कमी का दोषी मानते हुए परिवादी को चेक की पूरी रकम, मानसिक क्षतिपूर्ति और वाद व्यय मिलाकर कुल 60 हजार रुपए देने का आदेश दिया है।
शांति नगर वार्ड-04 निवासी खिलेश्वर सिन्हा का खाता SBI की दिग्विजय स्टेडियम शाखा में है। उन्हें रवि वैष्णव ने जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, दुर्ग का 50 हजार रुपए का चेक दिया था। यह चेक 21 नवंबर 2025 को जारी हुआ था। परिवादी ने इसे 18 फरवरी 2026 को SBI में जमा किया। चेक की वैधता 90 दिन होने के कारण जमा करते समय उसकी मियाद बाकी थी।
एक दिन बाद क्लियरिंग के लिए भेजा चेक
परिवादी के मुताबिक, 19 फरवरी को कार्यालयीन दिवस होने के बावजूद बैंक ने चेक क्लियरिंग के लिए नहीं भेजा। इसके बजाय 20 फरवरी को चेक आगे भेजा गया। इस देरी के दौरान चेक की 90 दिन की वैधता पूरी हो गई। इसके बाद 21 फरवरी को चेक ‘इंस्ट्रूमेंट आउटडेटेड/स्टेल’ यानी समय सीमा समाप्त होने का कारण बताकर लौटा दिया गया।
बैंक ने अपनी सफाई में कहा कि 19 फरवरी को सर्वर डाउन और नेटवर्क की समस्या थी। इस वजह से चेक क्लियरिंग नहीं हो सकी। बैंक ने ग्राहक को चेक पर नई तारीख डालकर दोबारा जमा करने की सलाह देने की बात भी कही।
सर्वर डाउन होने का सबूत पेश नहीं कर सका बैंक
आयोग ने बैंक की सर्वर और नेटवर्क खराब होने की दलील को स्वीकार नहीं किया। बैंक इस संबंध में कोई दस्तावेजी साक्ष्य पेश नहीं कर सका। आयोग ने कहा कि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पूरे कार्यालयीन समय में सर्वर डाउन रहने की बात साबित करने की जिम्मेदारी बैंक की थी। केवल तकनीकी खराबी का हवाला देकर बैंक अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।
आदेश में सुप्रीम कोर्ट के कैनरा बैंक बनाम कविता चौधरी मामले (2026 INSC 363, 15 अप्रैल 2026) का भी हवाला दिया गया। इसमें कहा गया है कि बैंक की देरी से चेक की वैधता समाप्त होना गंभीर लापरवाही और सेवा में कमी है। आयोग ने माना कि बैंक की देरी के कारण ही चेक की मियाद खत्म हुई और परिवादी को भुगतान नहीं मिल सका।
45 दिन में चुकाने होंगे 60 हजार रुपए
आयोग के सदस्य डॉ. आनंद वर्गिस ने 26 नवंबर 2026 को मामले में आदेश सुनाया। आयोग ने परिवाद को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए बैंक को 50 हजार रुपए चेक की राशि, 5 हजार रुपए मानसिक क्षतिपूर्ति और 5 हजार रुपए वाद व्यय के रूप में देने का आदेश दिया। इस तरह बैंक को कुल 60 हजार रुपए का भुगतान करना होगा।
आयोग ने भुगतान के लिए 45 दिन की समय सीमा तय की है। निर्धारित अवधि में राशि नहीं चुकाने पर बैंक को आदेश की तारीख से पूरी राशि पर 6 % सालाना ब्याज भी देना होगा।
