*महादेव सट्टा केस में हिमांशु शेखर की आज पेशी*

3

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में 15 करोड़ रुपए लेने वाले दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित की ED रिमांड शनिवार को खत्म हो रही है। उसे आज रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान हिमांशु ED के अधिकारियों को ज्यादा सहयोग नहीं कर रहा है। ऐसे में एजेंसी उससे आगे पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मांग सकती है।

हिमांशु पर आरोप है कि, उसने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लिए थे। इसके लिए उसने जज और अधिकारियों को मैनेज करने का भरोसा दिलाया था।

ED इस कथित लेन-देन के साथ हिमांशु और सौरभ के बीच दुबई में हुई मुलाकातों की भी जांच कर रही है। ED को सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु के बारे में जानकारी मिली थी।

इसके बाद एजेंसी ने उसे मुंबई एयरपोर्ट पर रोका और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया। बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद ED ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर रायपुर लाकर पूछताछ शुरू की थी।

लॉयर से म्यूजिक इंडस्ट्री तक का सफर

हिमांशु शेखर उद्यमी, वकील, गीतकार और म्यूजिक लेबल के संस्थापक हैं। उसने अपनी पुरानी साझेदार मनप्रीत कौर के साथ पहले कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में काम किया और फिर म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। OSM Records के अलावा वह Yesya Media Pvt. Ltd. से भी जुड़ा रहा है।

ईडी के आवेदन में दर्ज जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2025 तक Yesya Media Pvt. Ltd. में हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी के वित्तीय विवरणों के मुताबिक उसका राजस्व साल 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो साल 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया। ईडी ने इसी अवधि को महादेव बुक के प्रमोटर्स से कथित तौर पर रकम मिलने की अवधि से जोड़ा है।

सौरभ ने पूछताछ में बताया था 15 करोड़ देने की बात

ED ने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लिया था। 19 नवंबर तक चली पूछताछ में सौरभ ने कथित तौर पर बताया कि अपना केस रफा-दफा कराने के लिए उसने हिमांशु शेखर को 15 करोड़ रुपए दिए थे। जांच में यह भी सामने आया कि हिमांशु पिछले तीन साल में कई बार दुबई गया था। वहां उसकी सौरभ से मुलाकात हुई थी।

5 महीने तक हर माह 60 करोड़ देने का जिक्र

सौरभ के बयान के मुताबिक, दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हिमांशु ने कई किस्तों में बड़ी रकम ली। उसने कथित तौर पर कहा था कि यह पैसा भारत में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

सौरभ ने दावा किया कि रकम दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए कैश दी गई। कुछ रकम दुबई में भी पहुंचाई गई।

ईडी ने 21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। अर्जी के मुताबिक, पंचशील पार्क स्थित घर से हाथ से लिखे नोट मिले। इनमें “Mumbai Hawala Raju Bhai”, “Wasem” और दिल्ली-मुंबई में रकम भेजने से जुड़े उल्लेख हैं।

एक दूसरे नोट में 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपए के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का हिसाब लिखा होने की बात कही गई है।

इसके साथ “7 months plan” भी लिखा है। ईडी इन नोट्स में दर्ज राजू या राजू भाई की पहचान और कथित हवाला नेटवर्क का पता लगाना चाहती है।

52 लाख की कंपनी एक साल में 15.55 करोड़ की हुई

ईडी ने कोर्ट को बताया कि, हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड का भी जिक्र है। ED के मुताबिक, 31 मार्च 2025 तक हिमांशु के पास कंपनी के 75 प्रतिशत शेयर थे।

कंपनी का राजस्व 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी ने 2025 में लैंड रोवर रेंज रोवर और महिंद्रा थार के लिए लोन भी लिया।

ईडी ने हिमांशु के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 में 22.50 लाख, 58.50 लाख और 14.40 लाख रुपए जमा होने वाले मैसेज का भी उल्लेख किया है।

9 नवंबर को उसके आईसीआईसीआई खाते में करीब 2.08 करोड़ रुपए बैलेंस होने की बात अर्जी में कही गई है। एजेंसी इन रकमों का सोर्स जानना चाहती है।

हिमांशु ने 65 लाख को बताया प्रोफेशनल फीस

ईडी की पूछताछ में हिमांशु ने सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से दुबई के विला नंबर 45 में मुलाकात की बात स्वीकार की।

हालांकि, उसने बैठक की तारीख 3 अक्टूबर 2023 बताई। उसने अपने लेन-देन को पेशेवर फीस बताया और कहा कि वसीम कुरैशी से 25 लाख और प्रमोटरों से 40 लाख रुपए बैंक खाते के जरिए मिले थे। ईडी के मुताबिक, उसने 15 करोड़ रुपए और नकद किस्तों के आरोपों का हिसाब नहीं दिया।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page