Home / छत्तीसगढ़ / *महासमुंद में पिकअप से 1.25 करोड़ का गांजा जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार*

*महासमुंद में पिकअप से 1.25 करोड़ का गांजा जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

महासमुंद। (सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने पिकअप वाहन से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए है। गांजे को 6 आरोपी ओडिशा के संबलपुर जिले से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ले जा रहे थे।

महासमुंद पुलिस के मुताबिक आरोपी पिकअप वाहन में तरबूज भरे हुए थे। तरबूज के नीचे गांजे की बोरियां थीं। इसके साथ ही इस गाड़ी को सुरक्षित निकालने के लिए आगे-आगे एक कार भी चल रही थी। इस कार में 4 लोग बैठे थे, जो रास्ते पर नजर रख रहे थे कि कहीं पुलिस दिखे तो पीछे वाले पिकअप को अलर्ट कर दें।

एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की टीम ने चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन और कार दोनों को जब्त कर लिया है। उसमें सवार 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें चार आरोपी उत्तर प्रदेश और 2 मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। यह सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का मामला है।

दरअसल, सिंघोड़ा थाना प्रभारी संतोष सिंह को शुक्रवार को सोर्स से जानकारी मिली थी कि एक पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लोड है, जो ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर है। वाहन में 2 लोग सवार हैं। सोर्स ने पिकअप नंबर (OD15V4676) भी बताया।

इसके साथ ही गांजा लोड पिकअप वाहन के आगे चल रही कार (UP96Q3658) के बारे में भी जानकारी मिली, जो प्रोटेक्शन के लिए आगे-आगे चल रही थी। सूचना मिलते ही सिंघोड़ा पुलिस एक्टिव हो गई।

सिंघोड़ा पुलिस अपनी टीम के साथ ओडिशा-छत्तीसगढ़ की सीमा पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास पहुंची। पुलिस ने रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर गाड़ियों की जांच शुरू की।

इसी दौरान एक हुंडई कार और उसके पीछे आ रहे पिकअप वाहन को पुलिस ने चेक पोस्ट पर रोका। पिकअप वाहन में तरबूज लोड था। पिकअप वाहन का नंबर OD15V 4676 था, जबकि यूपी नंबर की कार (UP96Q3658) में चार लोग सवार थे।

पुलिस ने शक होने पर पिकअप वाहन और कार में सवार लोगों से पूछताछ की।

शक में पुलिस ने ली तलाशी

इस दौरान चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पिकअप वाहन के ड्राइवर से लोड सामान के बारे में पूछा। पिकअप में सवार लोगों ने बताया कि वाहन में सिर्फ तरबूज भरा हुआ है।

तलाशी में पिकअप से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद

इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी शुरू की, तभी वाहन में तरबूज के नीचे प्लास्टिक की बोरियों में छुपाया गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस को तलाशी में 9 बोरियों में 2 क्विंटल 25 किलो गांजा मिला। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने कार और पिकअप में सवार 6 आरोपियों को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजे को ओडिशा के संबलपुर से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ले जा रहे थे।

एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान कुल 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है। इसमें 2 क्विंटल 25 किलो गांजा, एक पिकअप वाहन, एक हुंडई कार और 6 मोबाइल फोन शामिल हैं।

पुलिस ने जिन लोगों को पकड़ा है, उनमें सतीश गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, सूरज गुप्ता, योगेश कुशवाहा उत्तर प्रदेश के हैं, जबकि हरिबाबू वर्मा, रामबाबू वर्मा मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।

सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

लगातार जारी है अभियान

एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने, सोर्स और डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page