Home / राजधानी / *रायपुर में सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त, बकाया भुगतान पर बनी सहमति*

*रायपुर में सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त, बकाया भुगतान पर बनी सहमति*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  कचरा वाहन कर्मचारियों की पांच दिन तक चली हड़ताल समाप्त होने के बाद अब शहर की सफाई व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। कर्मचारियों के आंदोलन के बाद रामकी कंपनी को पीएफ और छुट्टियों से जुड़े करीब 80 लाख रुपये के बकाया भुगतान लौटाने पर सहमति देनी पड़ी है। मामला सहायक श्रमायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच चर्चा हुई, जिसमें समाधान निकाला गया।

पीएफ और छुट्टियों के भुगतान को लेकर था विवाद

हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने आरोप लगाया था कि पिछले आठ वर्षों से उनके पीएफ और छुट्टियों के भुगतान में अनियमितता की जा रही थी। कर्मचारियों का कहना था कि उनके पीएफ खाते में हर महीने लगभग 2500 रुपये जमा होने चाहिए थे, लेकिन केवल 900 से 1000 रुपये ही जमा किए जा रहे थे। इसके अलावा कई वर्षों से छुट्टियों का भुगतान भी नहीं किया गया।

कर्मचारियों ने दावा किया कि पीएफ और अवकाश भुगतान को मिलाकर करीब 80 लाख रुपये का बकाया बनता है। विवाद बढ़ने के बाद मामला श्रम विभाग तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद कंपनी ने बकाया राशि लौटाने पर सहमति जताई।

दो दिनों में हटाया गया 3500 टन कचरा

हड़ताल के दौरान शहर की कालोनियों, बाजारों और प्रमुख सड़कों पर बड़ी मात्रा में कचरा जमा हो गया था। भीषण गर्मी और बारिश के बीच हालात लगातार बिगड़ रहे थे। हड़ताल खत्म होते ही रामकी कंपनी के कर्मचारियों ने अतिरिक्त मेहनत करते हुए शहरभर में विशेष सफाई अभियान चलाया।

कर्मचारियों ने दो दिनों में करीब चार हजार ट्रिप लगाकर लगभग 3500 टन कचरे का उठाव किया। कई वार्डों में सुबह के साथ-साथ रात के समय भी कचरा कलेक्शन किया गया, ताकि जल्द से जल्द व्यवस्था सामान्य की जा सके।

नगर निगम ने बढ़ाई निगरानी

हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर निगम ने सभी जोनों में विशेष निगरानी शुरू कर दी है। जिन इलाकों में ज्यादा कचरा जमा था, वहां अतिरिक्त वाहन भेजे गए। निगम अधिकारियों ने कंपनी प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में कहीं भी कचरा जमा नहीं रहना चाहिए।

बारिश को देखते हुए नालियों और सार्वजनिक स्थानों की भी विशेष सफाई कराई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि गंदगी के कारण किसी प्रकार की बीमारी फैलने की आशंका न रहे।

नियमित कचरा कलेक्शन फिर शुरू

नगर निगम के अनुसार शहर के अधिकांश वार्डों में अब नियमित डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन दोबारा शुरू हो गया है। निगम ने कहा है कि अगले कुछ दिनों तक सफाई व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जाएगी और विशेष मॉनिटरिंग जारी रहेगी।

फैक्ट फाइल

पांच दिन चली कचरा वाहन कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त
18 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी आंदोलन पर उतरे थे
शहर में 3500 टन कचरा जमा हुआ था
दो दिन में 4000 ट्रिप लगाकर कचरा हटाया गया
करीब 800 कर्मचारी सफाई अभियान में जुटे
पीएफ और छुट्टियों के नाम पर 80 लाख रुपये बकाया का आरोप

हड़ताल समाप्त होने के बाद शहर में तेजी से कचरा उठाव कराया गया है। सभी जोनों में अतिरिक्त ट्रिप लगाई गई हैं। कर्मचारियों की शिकायतों पर चर्चा हुई है और सफाई व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

-विनोद पाण्डेय, अपर आयुक्त, नगर निगम, रायपुर

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page