Home / छत्तीसगढ़ / *आम लोड पिकअप राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्राला से भिड़ी, क्लीनर ने मौके पर तोड़ा दम*

*आम लोड पिकअप राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्राला से भिड़ी, क्लीनर ने मौके पर तोड़ा दम*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

अंबिकापुर: (सियासत दर्पण न्यूज़) अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह सड़क हादसे में पिकअप वाहन के क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डांडगांव स्थित प्रिंस ढाबा के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ। बताया जा रहा है कि रायपुर से अंबिकापुर की ओर आम लोडकर आ रही पिकअप वाहन विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी ट्राला से जा भिड़ी। दुर्घटना में क्लीनर वाहन में ही फंस गया। क्षतिग्रस्त पिकअप के सामने के हिस्से को गैस कटर से काटकर उसके शव को बाहर निकाला जा सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वाहन में सवार क्लीनर केबिन में बुरी तरह फंस गया और दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रायपुर जिले के गुढ़ियारी क्षेत्र निवासी खुरसी के रूप में हुई है। हादसे के बाद सामने से आ रहा हाईवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक लीनूस लकड़ा तथा डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पिकअप वाहन में शव बुरी तरह फंस जाने के कारण उसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब पांच घंटे की कोशिश के बाद गैस कटर की सहायता से वाहन की बॉडी काटकर सुबह लगभग 10 बजे शव बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर भेजा गया, जहां पीएम उपरांत शव स्वजन को सौंप दिया गया।

हादसे में पिकअप चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा फरार हाईवा वाहन की तलाश की जा रही है। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार, लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक और सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार शिकायत और मांग के बावजूद इस मार्ग पर गति नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page