रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर रेल मंडल को नए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिल गए हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) रहे डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव का तबादला रायपुर रेल मंडल में सीनियर डीसीएम के पद पर हुआ है। उनकी जगह शेख समी उर रहमान ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) का पदभार संभाल लिया है।

शेख समी उर रहमान 2015 बैच के भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के अधिकारी हैं। वे इससे पहले पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे सहायक परिचालन प्रबंधक (AOM), मंडल परिचालन प्रबंधक (DOM) और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी (Sr. DSO) के पदों पर भी काम कर चुके हैं।
रहमान मूल रूप से दुर्ग (छत्तीसगढ़) के रहने वाले हैं। उन्होंने एनआईटी रायपुर से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में बीटेक किया है। UPSC की सिविल सेवा परीक्षा के जरिए उनका चयन भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) में हुआ था और उन्होंने 14 दिसंबर 2016 को भारतीय रेल में सेवा शुरू की।
रेलवे की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह तबादला दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है।






