धमतरी । (सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से शुक्रवार को 24 आईपीएस अधिकारियों (IPS Transfers) के तबादले के बाद धमतरी जिले को नई पुलिस अधीक्षक मिल गई हैं। अनुभवी आईपीएस अधिकारी भावना पांडे ने जिले की 21वीं पुलिस अधीक्षक के रूप में सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर नई उम्मीदें जताई जा रही हैं।
दंतेवाड़ा सहित कई जिलों में निभाई अहम जिम्मेदारी
आईपीएस भावना पांडे दंतेवाड़ा, राजनांदगांव और रायपुर में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। खासकर नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में उनके कार्यों की सराहना हुई। विभिन्न जिलों में प्रभावी पुलिसिंग और प्रशासनिक कार्यशैली के कारण उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।
अपराध नियंत्रण और जनविश्वास रहेगा प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद भावना पांडे ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करना और आमजन व पुलिस के बीच विश्वास का रिश्ता कायम करना होगा। साथ ही जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी।
2000 बैच की PCS अधिकारी, 2025 में बनीं IPS
भावना पांडे वर्ष 2000 बैच की पीसीएस अधिकारी हैं। उस समय मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का विभाजन नहीं हुआ था। राज्य गठन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित किया गया। उनकी पहली नियुक्ति रायपुर में सीएसपी के रूप में हुई। इसके बाद उन्होंने करीब साढ़े तीन वर्ष तक दंतेवाड़ा जैसे नक्सल प्रभावित जिले में सेवाएं दीं।
साल 2025 में उनकी कार्यकुशलता और उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें पीसीएस से आईपीएस कैडर में पदोन्नत किया गया। आईपीएस बनने के बाद उन्हें स्पेशल ब्रांच में तैनाती मिली। आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित आईपीएस अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।






