रायपुर,,सियासत दर्पण न्यूज़,रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के मदनी चौक संजय नगर में सैयद उमैर अली के मकान में किराए से रहने वाले 5 लोगों के शव मिले हैं। मृतकों में परिवार के मुखिया साजिद अली (50), उनकी पत्नी राबिया,(42) दो बेटियां शाहिना(17 साल) सबा (14 साल) और एक बेटा इरशाद अली ((19 साल) शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पति ने फांसी लगाई है और पत्नी-बच्चों ने जहर खाया है। हालांकि,मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
परिवार मूल रूप से शीतला मंदिर के पास, मठ पुरैना का रहने वाला था। पिछले करीब 8 महीने से सैयद उमैर के मकान में किराए पर रह रहा था।

टिकरापारा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पड़ोसियों ने बताया कि कल(16 जुलाई) से शाम से घर का दरवाजा नहीं खुला था। लोगों को शक हुआ तो वहां जाकर देखा, कमरे में 5 लोगों की लाश पड़ी हुई थी। जिसमे परिवार का मुखिया साजिद अली फांसी के फंदे में लटका हुआ था और पत्नी व तीनों बच्चे ज़मीन में पड़े मिले। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पड़ोसियों से सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसियों ने मृतक मुखिया साजिद अली के कर्ज़ में डूबे होने की आशंका जताई है।






