Home / राजधानी / *प्रदेश के 3 स्टेशनों का होगा कायाकल्प*

*प्रदेश के 3 स्टेशनों का होगा कायाकल्प*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के विस्तार और यात्री सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक और बड़ा अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशव्यापी आधुनिकीकरण अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों चांपा, सरोना और बालोद का लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है।

₹14 करोड़ की लागत से बदला सरोना स्टेशन का चेहरा

यात्रियों की सुगमता को ध्यान में रखते हुए रायपुर के पास स्थित सरोना रेलवे स्टेशन को करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से नया और आधुनिक रूप दिया गया है। पुनर्विकास के बाद अब यहां यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा का अनुभव मिलेगा।

स्टेशन पर हुए प्रमुख बदलाव इस प्रकार हैं:

आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर: स्टेशन पर एक भव्य और नया यात्री भवन तैयार किया गया है। वाहनों और यात्रियों की व्यवस्थित आवाजाही के लिए स्टेशन के बाहर एक शानदार सर्कुलेटिंग एरिया विकसित किया गया है।
दिव्यांग और बुजुर्ग अनुकूल सुविधाएं: यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए नया फुटओवर ब्रिज (FOB) बनाया गया है। इसके साथ ही बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा के लिए दो आधुनिक लिफ्ट भी लगाई गई हैं।
बेहतर शेल्टर और सर्फेसिंग: प्लेटफॉर्म पर पहले केवल तीन शेल्टर हुआ करते थे, जिनकी संख्या अब बढ़ाकर सात कर दी गई है। साथ ही 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म की नई सरफेसिंग की गई है, जिससे परिसर साफ-सुथरा नजर आता है।

डिजिटल डिस्प्ले: ट्रेनों के आवागमन और सटीक समय की जानकारी देने के लिए स्टेशन पर आधुनिक डिस्प्ले सिस्टम स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार को सराहा

सरोना, चांपा और बालोद स्टेशनों के अपग्रेडेशन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे (अधोसंरचना) का विकास रिकॉर्ड तेजी से हो रहा है।

उन्होंने कहा कि इन आधुनिक स्टेशनों के बन जाने से आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं मिलेंगी। स्वच्छ परिसर, दिव्यांगों के अनुकूल व्यवस्था और बेहतर प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) से यात्रियों का सफर अब पहले से कहीं ज्यादा आरामदायक हो जाएगा।

व्यापार और स्थानीय रोजगार को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि रेलवे सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह किसी भी राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास की रीढ़ होती है। चांपा, बालोद और सरोना जैसे रणनीतिक और महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प से छत्तीसगढ़ में पर्यटन, व्यापार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को जबरदस्त रफ्तार मिलेगी। आवागमन आसान होने से न केवल आम जनता को सहूलियत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page