अंबिकापुर:(सियासत दर्पण न्यूज़) अंबिकापुर-पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बतौली थाना क्षेत्र के मंगारी गांव के जुनापारा में रविवार सुबह अंबिकापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने पैदल घर लौट रहे युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक करीब 15 मीटर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कोलतापारा मंगारी निवासी अर्जुन बखला (45) पिता पैगा बखला के रूप में हुई है।
स्वजन के मुताबिक अर्जुन सुबह शौच के बाद सड़क किनारे पैदल घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार क्रेटा ने उन्हें चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर मारने के बाद चालक कार लेकर भागने लगा। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और पीछा कर कुछ दूरी पर चालक को पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार चालक की पहचान टीके सिंह (48) निवासी देवगढ़ सीतापुर के रूप में हुई है। वह मछली लेकर अंबिकापुर जा रहा था।
हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। आरोप है कि पुलिस ने मृतक का शव दुर्घटनाग्रस्त वाहन से ही सीतापुर भिजवा दिया और स्वजन को पहले सूचना तक नहीं दी। इससे स्वजन और ग्रामीणों में आक्रोश है। मृतक के घर में मातम पसरा है, स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर 15 दिन के भीतर यह दूसरी जानलेवा दुर्घटना है। इससे पहले तीन जुलाई को माझापारा पुलिया के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले लक्ष्मीनारायण (48) पिता अनुकसाय को चारपहिया ने टक्कर मार दी थी। 14 दिन तक रायपुर में इलाज के बाद 17 जुलाई को उनकी मौत हो गई। लक्ष्मीनारायण भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं कंवर समाज के वरिष्ठ सदस्य अनुकसाय के पुत्र थे।
लोगों ने पुलिस-प्रशासन से सीतापुर से अंबिकापुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के संवेदनशील स्थानों पर तत्काल सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कैमरे लगने से तेज रफ्तार और हिट-एंड-रन करने वाले वाहनों की पहचान आसान होगी और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई हो सकेगी।






