अंबिकापुर:(सियासत दर्पण न्यूज़) सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम सायर में सोमवार सुबह जंगल गए ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया। हाथी के सूंड के वार से ग्रामीण का जबड़ा बुरी तरह टूट गया और पैर में भी गंभीर चोट आई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी उदयपुर से मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय अंबिकापुर रिफर कर दिया गया है।
घायल बिहानु राम (55) सोमवार सुबह अपनी पत्नी के साथ पुटू-खुखड़ी लेने गांव से लगे जंगल गया था। दोनों ने जंगल से लकड़ी भी संग्रहित की थी। सुबह जब दोनों जंगल से वापस लौट रहे थे, तभी अचानक सामने हाथी आ गया। हाथी को देखकर बिहानु राम और उसकी पत्नी जान बचाने अलग-अलग दिशा में भागे। बिहानु जिधर भाग रहा था, हाथी भी उधर ही आ गया और सूंड से जोरदार धक्का दे दिया। धक्का इतना तेज था कि बिहानु दूर जा गिरा। गिरने से उसका जबड़ा टूट गया और पैर में भी गंभीर चोट आई। गनीमत रही कि हाथी दोबारा उसकी ओर नहीं आया और जंगल की ओर चला गया।
इधर बदहवास भागते हुए पत्नी सीधे गांव पहुंची और घरवालों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम के साथ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में बिहानु राम को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रिफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि बिहानु राम और उसकी पत्नी को दौड़ाने वाला हाथी पिछले कई दिनों से अकेला ही क्षेत्र में घूम रहा है। सायर जंगल में उसकी उपस्थिति की जानकारी ग्रामीणों को नहीं थी। इसी कारण दंपती निश्चिंत होकर जंगल चले गए थे। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। विभाग की ओर से घायल के इलाज में मदद करने का भरोसा दिया गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की उपस्थिति पर जंगल न जाएं। यदि जंगल जाते भी हैं तो पहले वन विभाग से हाथियों की लोकेशन की जानकारी जरूर लें और सतर्क रहें।






