रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) देशभर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों और संदिग्ध विदेशी नागरिकों की पहचान को लेकर चल रहे अभियान के बीच रायपुर ग्रामीण पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए एक विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है।
इसके तहत लोगों से कहा गया है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध विदेशी नागरिक रह रहा हो या उसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही हों तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके लिए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने टोल फ्री हेल्पलाइन 1800-233-1905 जारी की है।
आम जनता से सहयोग की अपील, हेल्पलाइन नंबर जारी
पुलिस का कहना है कि आंतरिक सुरक्षा केवल सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी भागीदारी आवश्यक है। समय रहते संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने से अवैध घुसपैठ, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
बांग्लादेशी घुसपैठ पर विशेष फोकस
हाल के दिनों में विभिन्न राज्यों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ पुलिस भी अपने स्तर पर सत्यापन अभियान चला रही है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के बारे में विदेशी नागरिक होने का संदेह हो या वह अपनी पहचान छिपाकर रह रहा हो, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस सूचना मिलने पर दस्तावेजों का सत्यापन और वैधानिक जांच करेगी।
इन गतिविधियों पर रखें नजर
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने पोस्टर के माध्यम से ऐसे संकेत बताए हैं, जिन पर आम नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है….
पहचान पत्र या वैध दस्तावेज नहीं होना।
बार-बार ठिकाना बदलना।
स्थानीय भाषा नहीं समझना या बोलने में कठिनाई होना।
अपने बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं देना।
संदिग्ध वीजा, परमिट या अन्य दस्तावेज होना।
फोटो या वीडियो बनाने में असामान्य रुचि दिखाना।
संवेदनशील स्थानों के आसपास बार-बार घूमना या रेकी करना।
संदिग्ध गतिविधियां या असामान्य व्यवहार करना।
पहचान गोपनीय रखने का भरोसा
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नागरिक बिना किसी डर के टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर 24 घंटे सूचना दे सकते हैं। यह हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन सक्रिय रहेगी।
सत्यापन के बाद ही होगी कार्रवाई
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि केवल शक के आधार पर किसी व्यक्ति के खिलाफ स्वयं कोई कार्रवाई न करें। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है, तो उसकी सूचना पुलिस को दें।
पुलिस दस्तावेजों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर सत्यापन करेगी। यदि कोई व्यक्ति भारतीय नागरिक या वैध दस्तावेजों के साथ रह रहा है, तो उसके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता और समय पर मिली सूचना से अवैध घुसपैठ, फर्जी पहचान और देश विरोधी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से आह्वान किया है कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।






