Home / राजधानी / *संडे बनेगा फन डे, चलिए झरनों की ओर*

*संडे बनेगा फन डे, चलिए झरनों की ओर*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) अगर आप वीकेंड की छुट्टियों में परिवार या दोस्तों के साथ शहर की भागदौड़ से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो आपको यह ख्रबर जरूर पढ़नी चाहिए। आप राजधानी से ज्यादा दूर नहीं जाना चाहते, तो रायपुर के आसपास कई ऐसे अद्भुत पर्यटन स्थल मौजूद हैं जो मानसून के दिनों में किसी स्वर्ग से कम नहीं लगते।

बरसात के मौसम में इन जगहों की प्राकृतिक सुंदरता अपने चरम पर होती है और यहां का मनमोहक नजारा हर किसी का मन मोह लेता है। तो आइए आपको परिचित कराते हैं तीन प्रमुख मानसून डेस्टिनेशन से।

धसकुंड जलप्रपात सिरपुर की नई पहचान

छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और पुरातात्विक नगरी सिरपुर अपनी प्राचीन धरोहरों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। लेकिन अब सिरपुर से महज सात किलोमीटर दूर स्थित धसकुंड जलप्रपात प्रकृति प्रेमियों के आकर्षण का नया केंद्र बन चुका है। ग्राम पंचायत चुहरी के घने जंगलों के बीच स्थित यह झरना अपनी खूबसूरती से पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। यहां तक पहुंचने के लिए डेढ़ से दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। जंगल की पगडंडियों से गुजरते समय लगभग 100 फीट की ऊंचाई से गिरते पानी की आवाज और ठंडी हवा सारी थकान मिटा देती है। यह रायपुर से लगभग 95 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

जतमई जलप्रपात रोमांच और आस्था का अद्भुत संगम

मानसून की पहली फुहार के साथ ही छत्तीसगढ़ के नदी और नाले पूरे वेग से बहने लगते हैं। गरियाबंद जिले के घने जंगलों के बीच स्थित जतमई जलप्रपात इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है। लगभग 40 फीट की ऊंचाई से गिरता पानी चट्टानों से टकराकर अद्भुत रोमांच पैदा करता है। यह स्थल केवल प्राकृतिक सौंदर्य ही नहीं बल्कि अपनी धार्मिक आस्था के लिए भी जाना जाता है। ग्रेनाइट पत्थरों से बना मां जतमई का भव्य मंदिर यहां आने वाले श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। यह रायपुर से लगभग 85 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

घटारानी जलप्रपात पिकनिक और ट्रैकिंग का आदर्श स्थान

जतमई मंदिर से महज 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित घटारानी जलप्रपात भी पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। बरसात के दिनों में यह झरना अपने पूरे शवाब पर होता है। झरने के नीचे बना प्राकृतिक जलकुंड और आसपास का घना जंगल परिवार के साथ पिकनिक मनाने के लिए इस जगह को परफेक्ट बनाता है। रोमांच के शौकीन युवा यहां जंगल ट्रैकिंग का भी भरपूर आनंद लेते हैं।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page