गरियाबंद,,सियासत दर्पण न्यूज़, छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले स्थित प्रसिद्ध गजपल्ला वॉटरफॉल में रविवार को पिकनिक उस वक्त मातम में बदल गई, जब रायपुर से दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव दल को मौके पर रवाना किया।
जानकारी के अनुसार, युवक अपने पांच दोस्तों के साथ वॉटरफॉल में घूमने आया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। साथियों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद Sdrf रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना के दौरान वॉटरफॉल क्षेत्र में कुछ पर्यटकों के खतरनाक स्टंट करने के वीडियो भी सामने आए हैं। इससे प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जबकि प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे वॉटरफॉल और गहरे जल क्षेत्रों में सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और जोखिम भरे स्टंट से बचें।
हादसे के बाद रेस्क्यू टीम ने कई घंटे तक तलाश अभियान चलाया और शाम करीब 4:30 बजे युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान रायपुर निवासी 17 वर्षीय आदित्य चौधरी के रूप में हुई है।
पांच दोस्तों के साथ आया था
जानकारी के अनुसार आदित्य रविवार सुबह पांच दोस्तों के साथ गजपल्ला वाटरफाल पहुंचा था। सभी घूमने और पिकनिक मनाने आए थे। इसी दौरान आदित्य नहाने के लिए पानी में उतरा और गहरे पानी में चला गया। कुछ ही देर में वह डूब गया। घटना की सूचना प्रशासन को दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की।
शाम को मिला शव
कई घंटे तक चले अभियान के बाद शाम करीब 4:30 बजे टीम ने आदित्य का शव पानी से बाहर निकाला। शव बरामद होने के बाद मौके पर मातम छा गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्टंट के वीडियो सामने आए
हादसे के बीच गजपल्ला वाटरफाल में सैलानियों की स्टंटबाजी का सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी सामने आई है। वीडियो में कुछ लोग पानी और चट्टानों के बीच जोखिम भरे अंदाज में स्टंट करते नजर आ रहे हैं। इससे पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मनमोहक झरने पर खतरा भी
बारिश के मौसम में गरियाबंद के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। तेज बहाव, फिसलन भरी चट्टानें और गहरे जलस्रोत के कारण हादसे का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में पर्यटकों से सावधानी बरतने और जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की जा रही है।





