Home / राजधानी / *आत्मानंद स्कूलों में 1812 शिक्षकों की भर्ती*

*आत्मानंद स्कूलों में 1812 शिक्षकों की भर्ती*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट स्कूलों में नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के स्कूलों में 1812 पदों पर संविदा भर्ती का विज्ञापन जारी किया है।

इन पदों पर शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया केंद्रीकृत तरीके से होगी। इच्छुक अभ्यर्थी शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

व्याख्याता के 518, सहायक शिक्षक के 590 पद

भर्ती में व्याख्याता के 518 पद हैं। इनमें वाणिज्य के 104, अंग्रेजी के 65, गणित के 49, भौतिकी के 53, हिंदी के 51, संस्कृत के 47, रसायन शास्त्र के 44 और जीव विज्ञान के 39 पद शामिल हैं। सामाजिक विज्ञान के 52 पद भी हैं।

सहायक शिक्षक के सबसे ज्यादा 590 पद हैं। इसके अलावा अंग्रेजी शिक्षक के 106, कला के 72, गणित के 68, विज्ञान के 56 और हिंदी/संस्कृत के 34 पद हैं।

गैर-शैक्षणिक और अन्य पदों में प्राथमिक प्रधानपाठक के 27, पूर्व माध्यमिक प्रधानपाठक के 24, प्रयोगशाला सहायक के 170, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद शामिल हैं।

दुर्ग में सबसे ज्यादा पद

जिलावार भर्ती में दुर्ग में सबसे ज्यादा 229 पद हैं। रायपुर में 141, बेमेतरा में 103, बिलासपुर में 97, कोरबा में 87, कांकेर में 85 और मुंगेली में 82 पद हैं। सक्ती में 73, सरगुजा में 72, बलौदाबाजार और बीजापुर में 61-61 पद हैं। सुकमा में 9 और कोरिया में सबसे कम 8 पद हैं।

मई में रद्द हुई थी भर्ती प्रक्रिया

इससे पहले जिला स्तर पर शुरू की गई भर्ती प्रक्रिया को 30 मई को रद्द कर दिया गया था। अब करीब चार महीने बाद DPI ने केंद्रीकृत भर्ती का विज्ञापन जारी किया है।

रायपुर जिले के 33 आत्मानंद स्कूलों में पहले 152 पद रिक्त बताए गए थे। अब नई भर्ती में रायपुर जिले के लिए 141 पद रखे गए हैं।

इस तरह करें आवेदन

अभ्यर्थी eduportal.cg.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले पदवार योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और मानदेय की शर्तें आधिकारिक विज्ञापन में जरूर देखनी होंगी।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page