Home / छत्तीसगढ़ / *बिश्रामपुर दोहरे हत्याकांड में पुलिस के हाथ अब तक खाली*

*बिश्रामपुर दोहरे हत्याकांड में पुलिस के हाथ अब तक खाली*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

सूरजपुर : (सियासत दर्पण न्यूज़) सूरजपुर जिले के केशवनगर में तलाकशुदा शिक्षिका और उसके पुत्र की हत्या का सुराग लगाने में जुटी पुलिस टीम को अब तक कोई सफलता नही मिल सकी है। पोस्टमार्टम के बाद मिली प्रारंभिक जानकारी में शिक्षिका की गला दबाने से और उसके पुत्र के सिर पर भारी व ठोस वस्तु से प्रहार करने से मौत होने की बात सामने आई है।

]इधर बिश्रामपुर पुलिस ने केशवनगर में शिक्षिका की उसके घर मेंं हत्या करने व जयनगर पुलिस ने महावीरपुर में उसके पुत्र की हत्या कर शव फेंके जाने के मामले में हत्या का अलग-अलग अपराध दर्ज कर लिया है। इस घटनाक्रम में शिक्षिका के कथित प्रेमी को पुलिस हिरासत में लेकर सघन पूछताछ कर रही है। लोगो का कहना है कि ग्राम सतपता निवासी युवक से शिक्षिका लंबे समय से संबंध था।

घटना के बाद रायगढ़ से पहुंचे शिक्षिका के पति सत्या ने भी बताया था कि उक्त युवक के उसकी पत्नी से नजदीकी संबंध होने की वजह से उसकी पत्नी ने वर्ष 2020 में तलाक ले लिया था। यह बात भी सामने आ रही है कि वारदात के पहले शिक्षिका के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के खाते में लोन की राशि करीब 19 लाख रुपये आई थी और यह राशि आहरित नही हुई है। कुछ दिनों से उसकी अपने कथित प्रेमी से खटपट भी चल रही थी। इधर शिक्षिका का अन्य युवकों से भी नजदीकी संबंध होने की बात भी सामने आ रही हैं। हालांकि इन बातों की आधिकारिक पुष्टि नही की गई है।

पुलिस संदेहियों से लगातार पूछताछ कर रही है। वहीं हत्यारोपितो का सुराग लगाने पुलिस कई पहलुओं से जांच करने के साथ आधुनिक तकनीक का भी सहारा ले रही है। इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने एसपी योगेश पटेल स्वयं बिश्रामपुर थाने में बैठकर सुपरविजन कर रहे हैं।

इधर जांच के दौरान पता चला कि शिक्षिका की स्कूटी केशवनगर में एसआर पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे निर्माणाधीन क्लिनिक के सामने लावारिस हालत में खड़ी मिली। जब मां बेटे हत्या के शिकार हो गए, तो स्कूटी वहां कैसे पहुंची। यह रहस्य अभी भी बरकरार है। पेट्रोल पंप के सीसी कैमरा फुटेज से भी आरोपितों का सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।

मां व पुत्र के मोबाइल गायब, काल डिटेल का सहारा

इस सनसनीखेज दोहरे अंधे कत्ल का राजफाश करने पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। एसपी योगेश पटेल स्वयं बिश्रामपुर थाने में डेरा डालकर जांच की कमान संभाले हैं। एडिशनल एसपी योगेश देवांगन, एसडीओपी अभिषेक पैकरा के मार्गदर्शन में बिश्रामपुर व जयनगर पुलिस टीम के साथ ही स्पेशल टीम व साइबर टीम हत्याकांड का सुराग लगाने में जुटी है।

शिक्षिका के निजी संबंधो से लेकर अन्य बिंदुओं की पुलिस पड़ताल कर रही है। हत्या के शिकार मां बेटे के मोबाइल गायब रहने की वजह से पुलिस काल डिटेल खंगालने के साथ ही आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल कर रही है। आसपास के सीसी कैमरा फुटेल को भी खंगाला जा रहा है।

कहीं ब्लैकमेल तो कारण नहीं

इधर यह बात भी चर्चा में है कि शिक्षिका का वेतन पदोन्नति के बाद 48 हजार रुपये मासिक है। पहले इससे काफी कम वेतन था। ऐसे में पारिवारिक खर्च के बाद सुरजपुर नगर में घर बनाने के लिए तीन वर्ष पूर्व दो ढाई डिसमिल जमीन लेना और अब कान्वेंट स्कूल के पीछे केशवनगर में पांच डिसमिल जमीन खरीदने लोन लेना, कई सवाल खड़े करता है।

सूत्र बताते है कि शानदार घर बनाने शिक्षिका ने आर्किटेक्ट से नक्शा भी बनवाया था। मकान बनाने के लिए दूसरों से रकम की मांग, तो हत्या का कारण नही बनी, यह भी जांच का विषय है। अब पुलिस के सामने न केवल इस मामले का जल्द पर्दाफाश करने, बल्कि साक्ष्यों के आधार पर वास्तविक हत्यारों तक पहुंचने की चुनौती है।

ये था मामला-

हत्या की शिकार रजनी बरेठ 40 वर्ष शासकीय माध्यमिक शाला बेलटिकरी में शिक्षिका थी। वे अपने नाबालिग पुत्र सुजल बरेठ उर्फ पिंकू के साथ ममता कालोनी केशवनगर बिश्रामपुर में किराए के मकान में रहती थी। सुजल नगर के कार्मेल कान्वेंट स्कूल में 12 वीं में अध्ययनरत था। सुजल शुक्रवार की रात 8.51 बजे सतपता गांव स्थित एक कोचिंग सेंटर से कोचिंग कर घर के लिए निकला था।

यह भी जानकारी मिल रही है कि छात्र का कोचिंग जाने वाला बैग घर मे है। इससे जाहिर होता है कि वह कोचिंग से घर गया था। इधर शनिवार को सुबह से ही सुजल और उसकी मां रजनी बरेठ शिक्षिका का मोबाइल फोन बंद होने और उनसे संपर्क नहीं हो पाने से स्वजन परेशान थे।

अनहोनी की आशंकावश शिक्षिका के मायके ग्राम मुक्ताराजा थाना बाराद्वार जिला जांजगीर चांपा से पहुंचे रजनी की मां, भाई व भाभी रजनी के घर मे तालाबंद देखकर बिश्रामपुर थाने गुमशुदगी लिखाने पहुंचे। जहां पुलिस ने उन्हें कालीघाट के पीछे मिले रक्तरंजित युवक के शव को दिखाया, तो उन्होंने शव सुजल का होने की पुष्टि की।

उसके बाद सुजल की मौत का राज जानने पुलिस टीम सुजल के घर ममता कालोनी पहुंचीं, जहां घर मे ताला लगा मिला। पुलिस उनके किराए के मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो वहां शिक्षिका रजनी का शव बाथरूम में मिला। उसके सिर व गले में चोट के निशान भी पाए गए थे।

वर्जन

शिक्षिका की हत्या को लेकर बिश्रामपुर थाना और किशोर सुजल की हत्या को लेकर जयनगर थाना में अज्ञात आरोपित के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। दोहरे अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने सभी बिंदुओं में बारीकी से जांच जारी है। आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। हत्या का सुराग लगाने हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

योगेश पटेल

एसपी सूरजपुर

 

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page