Home / छत्तीसगढ़ / *धमतरी में श्रद्धालुओं से भरा वाहन पलटा, बच्चों समेत 25 घायल*

*धमतरी में श्रद्धालुओं से भरा वाहन पलटा, बच्चों समेत 25 घायल*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

धमतरी।(सियासत दर्पण न्यूज़) जिले में सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन भटगांव आईटीआई के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 25 से अधिक लोगों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। घायलों में महिला, पुरुषों के साथ बच्चे भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि वाहन में 40 से अधिक लोग सवार थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, बोहरा गांव के श्रद्धालु पिकअप वाहन में सवार होकर गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे।

अनियंत्रि होकर पलटा वाहन

दर्शन के बाद सभी सियादेही की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भटगांव आईटीआई के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात भी सामने आई है। हादसे के बाद पिकअप में सवार लोग इधर-उधर गिर पड़े।

आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने और उनकी मदद करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112, रुद्री पेट्रोलिंग और वरदान की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल भटगांव आरोग्य केंद्र ले जाया गया। इसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए घायलों को धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

घायलों को अस्पताल में उपचार जारी

शिवा प्रधान ने अपनी दो एंबुलेंस उपलब्ध कराईं। ऋतुराज फाउंडेशन की एंबुलेंस के माध्यम से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान प्रेम साहू और हेमंत प्रधान ने सहयोग किया। डायल 112 की ओर से चालक रुद्रनारायण साहू और चालक गणेश साहू भी सहायता कार्य में जुटे रहे।

जिला अस्पताल में घायलों के पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल में उपचार व्यवस्था सक्रिय हो गई और चिकित्सक घायलों के इलाज में जुट गए। हादसे में चित्रा (14 वर्ष), लक्ष्य (10 वर्ष), रुक्मणी (35 वर्ष), देविका (15 वर्ष) और टेमन (11 वर्ष) सहित कई अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस घटना की जांच में जुटी है। दुर्घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। इस हादसे ने एक बार फिर मालवाहक वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर सफर करने के खतरों को उजागर किया है। पिकअप जैसे मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाना उनकी सुरक्षा के लिहाज से जोखिमपूर्ण हो सकता है।

यातायात विभाग द्वारा लगातार ऐसे वाहनों में यात्रा नहीं करने की अपील की जाती है, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी के मामले सामने आते रहते हैं। वाहन चालकों और यात्रियों को यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षा को प्राथमिकता देने की जरूरत है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page