भिलाई। (सियासत दर्पण न्यूज़) भिलाई में कार-स्कूटी की टक्कर, युवती की मौत; युवक घायल जवाहर उद्यान के पास सोमवार रात करीब 11 बजे कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार 19 वर्षीय आक्षिता अवचट की मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहा 18 वर्षीय आयुष साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग की आईसीयू में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृत युवती के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, तालपुरी बी ब्लाक निवासी आक्षिता अवचट, पिता प्रजानंद अवचट, सोमवार रात आयुष साहू के साथ स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान जवाहर उद्यान के पास उनकी स्कूटी की होंडा अमेज कार क्रमांक सीजी 07 सीएच 2321 से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों स्कूटी सवार गंभीर रूप से प्रभावित हुए। आक्षिता की मौत हो गई, जबकि आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
सेक्टर-10 से सेक्टर-4 गरबा देखने जा रहा था परिवार
दुर्घटना में शामिल कार 32 वर्षीय अभिजीत धर की बताई जा रही है। अभिजीत अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटी के साथ सेक्टर-10 से सेक्टर-4 में गरबा देखने जा रहे थे। इसी दौरान जावहर उद्यान के पास कार और स्कूटी के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में युवती की मौत से उसके परिवार में शोक का माहौल है। घटना के बाद पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और टक्कर के कारणों की जांच कर रही है।






