Home / राजधानी / *11 करोड़ की PET स्कैन मशीन 7 साल से बंद*

*11 करोड़ की PET स्कैन मशीन 7 साल से बंद*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रोज 30 से 40 मरीजों को पेट स्कैन की जरूरत, 2019 में तैयार हुआ था सेटअप
अब अमेरिका से आएगा रेडियोएक्टिव सोर्स

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) प्रदेश की सबसे बड़ी अंबेडकर अस्पताल की कैंसर यूनिट में 11 करोड़ रुपए की पेट स्कैन मशीन सात साल से बंद पड़ी है। फरवरी 2019 में नई बिल्डिंग में इसका पूरा सेटअप तैयार कर दिया गया था, लेकिन आज तक एक भी मरीज की जांच नहीं हो सकी। मशीन जिस कमरे में रखी है, वहां बाहर से ताला लगा है।

अब इसे चालू करने के लिए अमेरिका से रेडियोएक्टिव सोर्स मंगाने की तैयारी है। दूसरी ओर, कैंसर मरीजों को इसी जांच के लिए निजी अस्पतालों में 25 से 30 हजार रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। अस्पताल की कैंसर ओपीडी में रोज 600 से 700 मरीज पहुंचते हैं। इनमें 30 से 40 मरीजों को पेट स्कैन की जरूरत पड़ती है। सरकारी अस्पताल में सुविधा शुरू होने पर मरीजों को मुफ्त जांच मिल सकती है, लेकिन मशीन बंद होने के कारण उन्हें निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। एम्स में तो लंबी वेटिंग है।

17 करोड़ का सेटअप तैयार, संचालन व मेंटेनेंस की प्रक्रिया अधूरी

सीजीएमएससी ने 2019 में पेट स्कैन और गामा मशीन के सेटअप पर करीब 17 करोड़ रुपए खर्च किए थे। इसमें पेट स्कैन मशीन की लागत 11 करोड़ और गामा मशीन की 6 करोड़ थी। लैब इंडिया कंपनी ने सेटअप तैयार किया था। इसके बाद निर्माता कंपनी सीमेंस ने जांच कर पेट स्कैन मशीन को दुरुस्त बताया। इसके बावजूद इसे चालू करने और मेंटेनेंस की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। सात साल से मशीन का इस्तेमाल नहीं हुआ।

पेट स्कैन से पता चलता है, कैंसर कितना फैला

पेट स्कैन एक अत्याधुनिक जांच है, जिससे शरीर में कैंसर की सक्रियता और उसके फैलाव का पता लगाने में मदद मिलती है। जांच से पहले मरीज को रेडियोएक्टिव ट्रेसर दिया जाता है। इसके बाद मशीन शरीर की तस्वीरें तैयार करती है। इससे डॉक्टर कैंसर की स्थिति, कीमोथेरेपी के असर और इलाज के बाद बीमारी दोबारा सक्रिय होने की आशंका का आकलन कर सकते हैं।

शासन की अनुमति में अटकी रही मशीन, अब मेंटेनेंस के लिए टेंडर

शासन से अनुमति नहीं मिलने से पेट स्कैन मशीन शुरू नहीं हो सकी थी। अब इसकी रिपेयरिंग और मेंटेनेंस के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। इस पर खर्च मेडिकल कॉलेज के ऑटोनोमस फंड से दिया जाएगा। मशीन चालू करने के लिए जरूरी रेडियोएक्टिव सोर्स अमेरिका से मंगाया जाएगा। इसे आने में करीब 3 महीने लग सकते हैं। -डॉ. विवेक चौधरी, डीन, मेडिकल कॉलेज

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page