रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने पिछले दिनों 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी कर सट्टा पैनल चलाने वाले ऑपरेटरों के नेटवर्क का पता लगाया। छापेमारी के दौरान कई जगह लाइव सट्टा और जुए के पैनल चलते मिले।
CBI ने इन्हें मौके पर ही बंद कराया। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई दस्तावेज जब्त किए गए। इनसे पता चला कि दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर सट्टे की रकम जमा की जाती थी।
इसके बाद हवाला के जरिए पैसा विदेश भेजा जाता था। CBI के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई। उसे 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था।
इसके बाद CBI ने उसे गिरफ्तार कर रायपुर की विशेष अदालत से 8 दिन की पुलिस रिमांड ली थी। पूछताछ में ऐप चलाने के तरीके और देशभर में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क की जानकारी मिली।
इन शहरों में हुई छापेमारी
CBI ने जिन शहरों में कार्रवाई की, उनमें छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग के अलावा अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर शामिल हैं।
दूसरे लोगों के बैंक खातों में जमा होती थी सट्टे की रकम
जांच में सामने आया है कि महादेव ऐप का संचालन विदेश में बैठे लोगों के जरिए किया जाता था। इसका हेड ऑफिस विदेश में है और भारत में बड़े नेटवर्क के जरिए पैनल ऑपरेट किए जाते हैं।
पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाते थे और उनसे सट्टे की रकम वसूलते थे। इस रकम को ऐसे बैंक खातों में जमा किया जाता था, जो दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाए गए थे या किराए पर लिए गए थे। इसके बाद मुनाफे की रकम हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजी जाती थी।
सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक जेल में
CBI की 8 दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर 2026 को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
लेकिन शुक्रवार को ED ने उसे अरेस्ट कर 7 दिनों की कस्टोडियल रिमांड पर लिया है। CBI ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव ऑनलाइन बुक मामले की जांच एजेंसी को सौंपी थी। इसके बाद दो FIR दर्ज की गई थीं।
अब जांच में विदेश में बैठे अन्य आरोपियों, सट्टा नेटवर्क चलाने में मदद करने वालों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए दूसरे देशों से कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।
बैंक खाता-सिम देने पर भी होगी कार्रवाई
एजेंसी ने लोगों को चेताया है कि ऑनलाइन सट्टा और जुआ गैरकानूनी हैं। किसी दूसरे व्यक्ति को सट्टेबाजी के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान से जुड़े दस्तावेज देना भी अपराध है। ऐसा करने पर खाताधारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।





