*शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा, महिला से 6.89 लाख ठगे*

3

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  रायपुर में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने 61 साल की महिला को वॉट्सऐप ग्रुप में शामिल कर पहले निवेश से जुड़ी जानकारी दी, फिर कम समय में अच्छा रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया। उनकी बातों में आकर महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में 6 लाख 89 हजार 100 रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने जवाब देना बंद कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर राजेंद्र नगर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

अमलीडीह के गोल्डन टावर में रहने वाली भावना चंदानी (61) से आरोपियों ने तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों के जरिए संपर्क किया था। इसके बाद उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में शेयर बाजार और निवेश से जुड़ी जानकारियां साझा की जाती थीं। इसी के जरिए महिला को निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया गया।

आरोपियों के कहने पर महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 6,89,100 रुपए जमा कर दिए। शुरुआत में निवेश के नाम पर बातचीत होती रही, लेकिन जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में उनसे संपर्क भी नहीं हो सका। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। राजेंद्र नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर ठगी से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

अनजान लोगों के कहने पर किसी वॉट्सऐप ग्रुप से जुड़कर निवेश न करें।

शेयर बाजार में पैसा लगाने से पहले ब्रोकर की प्रमाणिकता जांचें।

किसी के बताए अनजान बैंक खाते या यूपीआई नंबर पर रकम ट्रांसफर न करें।

कम समय में मोटा और निश्चित मुनाफा देने वाले ऑफर से सावधान रहें।

ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page