*झपकी आने से ट्रेलर में घुसी कार, युवती की मौत, 6 घायल*

3

बिलासपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर रतनपुर के पास रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से महामाया मंदिर और चैतुरगढ़ घूमने निकले युवक-युवतियों की तेज रफ्तार इको कार सामने चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी।

हादसे में एक युवती की जान चली गई और 6 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार चला रहे युवक को झपकी आ गई थी, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। टक्कर के बाद कार ट्रेलर की ट्रॉली और पहियों के बीच फंस गई।

ट्रेलर चालक को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह कार को आधा किलोमीटर तक घसीटता रहा। हादसे में घायल सभी को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।

बुकिंग लेकर दर्शन कराने निकला था ड्राइवर

दरअसल, इको वाहन (CG 04 NQ 9785) में रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार के युवक-युवतियां सवार थे। वाहन चालक अर्थ साहू बुकिंग लेकर उन्हें महामाया मंदिर रतनपुर और चैतुरगढ़ दर्शन कराने निकला था।

रतनपुर में महामाया देवी के दर्शन करने और घूमने के बाद सभी चैतुरगढ़ के लिए रवाना हुए। उनकी कार रतनपुर से आगे बेलपारा होते हुए टोल प्लाजा के पास पहुंची थी।

इसी दौरान चालक को झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा टकराई।

ट्रेलर के पहियों में फंसी कार, काफी दूर तक घिसटती रही

टक्कर इतनी तेज थी कि इको कार ट्रेलर की ट्रॉली और पहियों के बीच फंस गई। इसके बाद भी ट्रेलर चालक ने वाहन नहीं रोका। उसे हादसे की जानकारी नहीं थी और वह ट्रेलर को आगे बढ़ाता रहा।

इस दौरान कार सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। पीछे से आ रहे दूसरे वाहन चालकों ने ट्रेलर चालक को कार फंसे होने की जानकारी दी। इसके बाद उसने वाहन रोका।

कार में फंसे लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की।

काजल की मौत, 6 लोग घायल

हादसे में रायपुर के बंधवा तालाब, बांस टाल के पास रहने वाली काजल साहू (23) की मौत हो गई। वहीं, भूपेंद्र यादव, अनीश यादव, गरिमा कश्यप, प्रेक्षा यादव, मानस यादव और सिया यादव घायल हो गए।

घटना के बाद सभी घायलों को रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी हालत को देखते हुए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।

ढाबे के CCTV कैमरे में कैद हुआ हादसा

हादसे का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है। यह नेशनल हाईवे पर स्थित एक ढाबे का बताया जा रहा है। वीडियो में ट्रेलर के पिछले हिस्से में इको कार फंसी हुई दिखाई दे रही है। ट्रेलर तेजी से आगे बढ़ता नजर आ रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर चालक को टक्कर लगने का पता नहीं चला। वह कार को पीछे फंसे हुए ही काफी दूर तक ले गया। पीछे से आ रहे वाहन चालकों ने उसे इसकी जानकारी दी, तब उसने ट्रेलर रोका।

 

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page