*एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों की मनमानी पर पुलिस सख्त*

3

रायपुर । (सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर के माना एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों के बीच सवारी बैठाने को लेकर विवाद और यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने की शिकायतों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई है।

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने ओला, उबर, रैपिडो समेत अन्य टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक लेकर यात्रियों से शालीन व्यवहार करने और निर्धारित किराया ही लेने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि सवारी बैठाने या किराए को लेकर विवाद, दुर्व्यवहार और मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक लेकर दिए निर्देश

रायपुर ग्रामीण एसपी के निर्देश पर एएसपी ने सीएसपी माना कार्यालय में टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक ली। इसमें ओला, उबर, रैपिडो और अन्य टैक्सी सेवाओं से जुड़े संचालक शामिल हुए।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता है। चालक यात्रियों से सम्मानपूर्वक व्यवहार करें और शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित किराया ही लें। बुकिंग या सवारी बैठाने को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं होना चाहिए।

17 नवंबर को सवारी बैठाने पर दो चालकों में मारपीट

17 नवंबर को माना एयरपोर्ट पर यात्री को बैठाने को लेकर दो टैक्सी चालकों के बीच विवाद हो गया था। पहले दोनों के बीच बहस हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई। यात्रियों के सामने हुए हंगामे के बाद सीआईएसएफ जवानों ने मौके पर पहुंचकर दोनों चालकों को अलग किया।

इससे पहले सितंबर 2024 में भी एयरपोर्ट के पार्किंग नंबर-1 के पास टैक्सी चालकों की मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने से एयरपोर्ट की परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

जनवरी 2024 में मारपीट के बाद दर्ज हुई थी FIR

जनवरी 2024 में भी एयरपोर्ट पर सवारी बैठाने को लेकर टैक्सी चालकों और ट्रैवल कंपनी के कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी।

इस घटना में एक चालक के सिर पर चोट आई थी। इसके बाद तुराब अली और हरविंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की थी।

ऐप पर किराया 281 रुपए, चालक ने मांगे 500 रुपए अतिरिक्त

नवंबर 2026 में इटली की डीजे ओली एस्से ने सोशल मीडिया पर रायपुर में रैपिडो से यात्रा का अनुभव साझा किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि ऐप पर यात्रा का किराया 281 रुपए दिख रहा था, लेकिन चालक ने 500 रुपए अतिरिक्त मांगे।

उन्होंने कंपनी से ऐसे चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी।

ज्यादा किराया वसूला या दुर्व्यवहार किया तो होगी कार्रवाई

पुलिस ने टैक्सी ऑपरेटरों को चेतावनी दी है कि यात्रियों से दुर्व्यवहार, निर्धारित किराए से ज्यादा वसूली या बुकिंग को लेकर विवाद करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना जरूरी है। टैक्सी ऑपरेटर नियमों का पालन करें और आपसी प्रतिस्पर्धा के कारण यात्रियों को परेशान न करें।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page