*कार्तिक पूर्णिमा पर भूपेश बघेल ने खारुन में लगाई डुबकी*

3

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर के महादेव घाट पहुंचे। उन्होंने खारुन नदी में स्नान कर हटकेश्वर महादेव के दर्शन किए। सुबह करीब 5.30 बजे नदी में डुबकी लगाने के बाद उन्होंने कहा कि कार्तिक महीने में स्नान करने की परंपरा छत्तीसगढ़ में लंबे समय से चली आ रही है।

भूपेश बघेल ने कहा कि सूर्योदय से पहले स्नान करना स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होता है। कार्तिक महीने में श्रद्धालु सुबह जल्दी उठकर नदी और सरोवरों में स्नान करते हैं। इसके बाद मंदिरों में पूजा-पाठ और दान-पुण्य करते हैं। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना की।

पवित्र नदी में स्नान, दान, जप और दीपदान करने से मिलता है पुण्य

कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पवित्र नदी में स्नान, दान, जप और दीपदान करने से पुण्य मिलता है।

शाम को नदी, तालाब और घरों में दीप जलाने की परंपरा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं।

सुबह स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देने की परंपरा

कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद सूर्यदेव को जल चढ़ाया जाता है। इसके लिए तांबे के लोटे में पानी लेकर उसमें लाल फूल, चावल और कुमकुम मिलाते हैं।

सूर्य की ओर मुख करके जल अर्पित करते हुए ‘ऊं सूर्याय नम:’ मंत्र का जाप किया जाता है। मान्यता है कि इससे जीवन में ऊर्जा और सकारात्मकता बनी रहती है।

गणेश पूजन के बाद विष्णु-लक्ष्मी की आराधना

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार किसी भी शुभ काम की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा से की जाती है। कार्तिक पूर्णिमा पर भी पहले गणेश पूजन, इसके बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना की जाती है।

इस दिन शंख से भगवान विष्णु का अभिषेक करने और तुलसी दल व मिठाई का भोग लगाने की परंपरा है। पूजा के बाद आरती कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

लगातार महादेव घाट पहुंच रहे भूपेश

मुख्यमंत्री रहने के दौरान भूपेश बघेल ने कार्तिक पूर्णिमा पर महादेव घाट पहुंचकर स्नान करने की परंपरा शुरू की थी। इसके बाद वे लगातार पुन्नी के अवसर पर यहां पहुंचते है।

इस दौरान खारुन नदी में स्नान के साथ हटकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा और महाआरती में भी शामिल होते रहे हैं। उनके साथ हर साल बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी कार्तिक स्नान के लिए महादेव घाट पहुंचते हैं।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page