रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) पटवारी सहित पांच पदों पर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए कंप्यूटर योग्यता को लेकर स्थिति साफ हो गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने साफ कर दिया है कि एक साल के कंप्यूटर डिप्लोमा की शर्त के तहत कोई भी नया सर्टिफिकेट मान्य नहीं होगा। केवल उन्हीं कंप्यूटर सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और डिग्री को मान्यता मिलेगी, जिन्हें विभाग ने 23 जनवरी 2015, 22 जनवरी 2018 और 31 जनवरी 2018 के पुराने आदेशों में स्वीकार किया है।
कर्मचारी चयन मंडल को पत्र लिखकर दूर किया भ्रम
दरअसल, नौ सितंबर 2026 के आदेश के जरिए स्टेनोग्राफर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टेनो टाइपिस्ट, सहायक ग्रेड-3 और पटवारी पदों के लिए मान्यता प्राप्त संस्था से कंप्यूटर में एक साल का डिप्लोमा जरूरी किया गया था। इसके बाद युवाओं के बीच यह भ्रम बना हुआ था कि किन संस्थानों के सर्टिफिकेट और कौन-कौन से कंप्यूटर कोर्स भर्ती में चलेंगे। इसी भ्रम को दूर करने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के परीक्षा नियंत्रक को पत्र भेजकर नियम स्पष्ट कर दिए हैं।
दस्तावेज जांच से पहले मान्यता चेक करना जरूरी
इस आदेश के बाद पटवारी समेत संबंधित पदों की भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं के लिए कंप्यूटर योग्यता का नियम पूरी तरह साफ हो गया है। खासकर अलग-अलग निजी और सरकारी संस्थानों से कंप्यूटर कोर्स करने वाले युवाओं को आवेदन और दस्तावेज जांच (वेरिफिकेशन) से पहले यह चेक कर लेना जरूरी होगा कि उनका सर्टिफिकेट 2015 और 2018 के आदेशों की सूची में शामिल है या नहीं।
