*शौचालय के केयरटेकर से नकदी-मोबाइल की लूट*

3

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी के कलेक्ट्रेट स्थित टाउनहाल के पास शासकीय सुलभ शौचालय में गुरुवार रात विवाद के बाद मारपीट, लूट और आगजनी की वारदात सामने आई है। शौचालय के केयरटेकर रणधीर कुमार सिंह को परिसर में गाली देने से मना करना भारी पड़ गया। आरोप है कि गोलू खान ने केयरटेकर के साथ हाथ-मुक्कों और लोहे की रॉड से मारपीट करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और जेब से 6,785 रुपये लूट लिए। वहीं गोलू की पत्नी अंजू साहू केयरटेकर का मोबाइल फोन लूटकर ले गई। इतना ही नहीं, विवाद के दौरान बीचबचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति के इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगा दी गई, जिसकी वजह से शौचालय का सामान भी जल गया।

गाली देने से मना किया तो रॉड से किया हमला

सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, पीड़ित रणधीर कुमार सिंह मूल रूप से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खोंगापानी क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में रायपुर कलेक्ट्रेट स्थित टाउनहाल के पास नगर निगम के सुलभ शौचालय में केयरटेकर है। शिकायत में उसने बताया कि 26 नवंबर की रात करीब 8:15 बजे वह शौचालय में ड्यूटी पर था। इसी दौरान गोलू खान वहां किसी व्यक्ति से गाली-गलौज कर रहा था। रणधीर ने उसे शौचालय परिसर में गाली देने से मना किया, तो आरोपी भड़क गया और उसके साथ भी अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर गोलू ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

पति-पत्नी पर दर्ज हुआ अपराध, पुलिस कर रही तलाश

मारपीट के बाद आरोपी गोलू खान ने केयरटेकर की जेब में रखे सुलभ शौचालय के 6,785 रुपये निकाल लिए, जबकि उसकी पत्नी अंजू साहू मोबाइल लेकर फरार हो गई। शोर सुनकर बीचबचाव करने पहुंचे व्यक्ति के इलेक्ट्रिक स्कूटर में भी आग लगा दी गई, जिसकी चपेट में आकर शौचालय में रखा सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी गोलू खान और उसकी पत्नी अंजू साहू के खिलाफ मारपीट, लूट और आगजनी की धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page