दुर्ग। (सियासत दर्पण न्यूज़) जिले के बड़े पुरदा स्थित फाइनेस्ट एग्रो इंटरप्राइजेस की प्लाईवुड निर्माण फैक्ट्री में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात भीषण आग लग गई। इस आग पर 28 दमकल वाहनों और करीब 1 लाख 28 हजार लीटर पानी की मदद से काबू पाया गया। रात करीब एक बजे भड़की इन लपटों को शांत करने में दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की तीन दमकल टीमों को पांच से छह घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
कच्चा माल जलकर नष्ट, फैलने से रोकी लपटें
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रात के सन्नाटे में फैक्ट्री परिसर के भीतर अचानक आग भड़की और तेजी से वहां रखे कच्चे माल (रॉ मटेरियल) तक फैल गई। प्लाईवुड निर्माण से जुड़ा सूखा और ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही तीन दमकल टीमों को मौके पर रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुंचकर कर्मियों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से चारों तरफ से घेराबंदी की, ताकि आग फैक्ट्री के अन्य हिस्सों और आसपास के इलाके में न फैल सके।
