*माओवादी डंप से 24 लाख कैश और सोना बरामद*

3

बीजापुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) जिले के इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में सुरक्षा बलों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया माओवादी डम्प बरामद किया है। इसमें 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद मिले हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत चार करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में जमीन के अंदर माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया। थाना भैरमगढ़ से करीब आठ से दस किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास चिन्हित स्थान पर सर्चिंग की गई।

इस दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी के बाद जमीन के अंदर दबाकर रखा गया स्टील का डिब्बा बरामद किया। उसकी जांच करने पर सोने के 33 बिस्किट मिले। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है। इनका कुल वजन 330 तोला (3.84 किलोग्राम) और अनुमानित मूल्य चार करोड़ 29 लाख रुपये है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद मिले।
पुलिस के अनुसार, बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों की कार्रवाई में अब तक जिले के अलग-अलग स्थानों से माओवादी डम्प के रूप में कुल आठ करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।

 

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page