*सूरजपुर में कछुआ तस्करी करते 6 आरोपी गिरफ्तार*

3

सूरजपुर : (सियासत दर्पण न्यूज़) जादू-टोने में इस्तेमाल किए जाने की आशंका के बीच संरक्षित वन्यजीवों की अवैध खरीद-बिक्री का मामला सामने आया है। सूरजपुर वनमंडल में संरक्षित इंडियन साफ्टशेल टर्टल प्रजाति के कछुओं की तस्करी करने निकले छह लोगों को वन विभाग की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से तीन कछुए बरामद किए गए हैं।

वन्यजीव तस्करी की सूचना मिलते ही सुरजपुर वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने तत्काल कार्रवाई की रणनीति तैयार की। उनके निर्देशन में सूरजपुर और घुई वन परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने ग्राहक बनकर तस्करों से संपर्क किया और उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। सभी छह आरोपितों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग संरक्षित प्रजाति के कछुओं को बेचने के उद्देश्य से सूरजपुर वन परिक्षेत्र में घूम रहे हैं। बताया गया कि इन कछुओं का इस्तेमाल कथित तौर पर जादू-टोने के लिए किया जाना है। इसके बाद सूरजपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी उमेश वस्त्रकार और घुई वन परिक्षेत्र अधिकारी सुनीत साहू के नेतृत्व में दोनों परिक्षेत्रों की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई।

वन विभाग की टीम ने सीधे दबिश देने के बजाय पहले तस्करों तक ग्राहक बनकर पहुंचने की रणनीति अपनाई। टीम ने तस्करों से संपर्क स्थापित कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी। जैसे ही तस्कर कछुओं की बिक्री के सिलसिले में टीम के संपर्क में आए, वन अमले ने घेराबंदी कर सभी छह लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से इंडियन साफ्टशेल टर्टल प्रजाति के तीन कछुए बरामद किए गए। वन विभाग के अनुसार यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-एक में संरक्षित है। इसके कारण इनका अवैध शिकार, कब्जा और व्यापार गंभीर वन्यजीव अपराध की श्रेणी में आता है।

नेटवर्क खंगाल रहा वन विभाग-

इस कार्रवाई के बाद वन विभाग ने मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में सामने आए तथ्यों और उनके बयानों के आधार पर कछुओं के संभावित खरीदारों तथा इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है। विभाग को आशंका है कि कछुओं की तस्करी के पीछे खरीद-बिक्री से जुड़ा अन्य नेटवर्क भी सक्रिय हो सकता है।

वन विभाग के अधिकारियों ने जल्द ही अन्य संलिप्त लोगों तक पहुंचने और उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की संभावना जताई है। इस पूरी कार्रवाई में डीएफओ विपुल अग्रवाल के निर्देशन में सूरजपुर एवं घुई वन परिक्षेत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।

इनकी हुई गिरफ्तारी-

किल्शन राजवाड़े, 26 वर्ष, निवासी तारकेश्वरपुर, पोस्ट उमेश्वरपुर, थाना प्रेमनगर, जिला सूरजपुर
महिबल सिंह कमरो, 35 वर्ष, निवासी अभयपुर, तहसील एवं थाना प्रेमनगर, जिला सूरजपुर
रोचक नारायण प्रजापति, 46 वर्ष, निवासी हनुमानगढ़, तहसील एवं थाना उदयपुर,
अंबिका सिंह पोर्ते, 56 वर्ष, निवासी डोई, पोस्ट डांडगांव, तहसील एवं थाना उदयपुर
सूरजबली, 74 वर्ष (विभागीय विवरण में दर्ज), निवासी डोई, पोस्ट डांडगांव, तहसील एवं थाना उदयपुर
लक्ष्मण प्रसाद, 37 वर्ष, निवासी पेंडरखी (माझापारा), पोस्ट कन्दरई, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर

 

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page