*जुआ कांड में थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित*

3

अंबिकापुर : (सियासत दर्पण न्यूज़) प्रतापपुर बस स्टैंड के पास एक पक्के मकान में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला अब नया मोड़ ले चुका है। सात जुआरियों की गिरफ्तारी और 99 हजार छह रुपये नकद सहित वाहन व मोबाइल जब्त किए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने थाना प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निलंबन आदेश में प्रतापपुर निवासी जय भगवान अग्रवाल का नाम सामने आया है।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि जय भगवान अग्रवाल द्वारा थाना प्रतापपुर के पुलिसकर्मियों के साथ मिलीभगत कर जुआ खिलवाए जाने की जानकारी मिली थी। इस आधार पर पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर कार्रवाई की गई। लेकिन अब सवाल यह उठ रहा है कि आदेश में जुआ खिलवाने के कथित मास्टरमाइंड के रूप में जिसका नाम सामने आ रहा है, उसके ऊपर कार्रवाई कब होगी?

पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुसार निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरैना, उपनिरीक्षक विवेक खलखो, आरक्षक राजेश तिवारी, भीमेश आरमो और राजकुमार पासवान शामिल हैं। सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र सूरजपुर संबद्ध किया गया है। एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का को मामले की प्रारंभिक जांच कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

घटना के दिन थाना प्रभारी व एएसआई ड्यूटी पर बाहर व एक आरक्षक छुट्टी पर

इस मामले में निलंबित थाना प्रभारी दिनेश पुरैना घटना के दिन सीएम ड्यूटी के लिए बलरामपुर में तैनात थे। वहीं उपनिरीक्षक विवेक खलखो किसी अन्य मामले की जांच के सिलसिले में चंडीगढ़ (हरियाणा) गए हुए थे तथा आरक्षक राजेश तिवारी छुट्टी पर थे। इसके बावजूद थाना प्रभारी को थाने के मुखिया होने के नाते जिम्मेदारी के आधार पर निलंबित किया गया है और अन्य पुलिसकर्मियों को संदेह के आधार पर। हालांकि अभी मामले में विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पक्के मकान में जुआ, मकान मालिक की भूमिका पर भी सवाल

जुआ पकड़ने की कार्रवाई में जिस सूने मकान का जिक्र किया गया है, वह कोई सामान्य खाली परिसर नहीं बल्कि पक्की बिल्डिंग बताई जा रही है। यदि पुलिस अधीक्षक के आदेश में जय भगवान का नाम जुआ खिलवाने में पुलिसकर्मियों के साथ मिलीभगत के संदर्भ में सामने आया है तो उनके विरुद्ध अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? हालांकि मकान उनका है या किसी और का तथा जुआ फड़ संचालित कराने में उनकी वास्तव में कितनी भूमिका थी, यह भी जांच का विषय है।

पुलिसकर्मियों के बीच आपसी खींचतान की भी चर्चा

मामले को लेकर प्रतापपुर में एक अलग चर्चा भी चल रही है। बताया जा रहा है कि थाने के ही एक अन्य पुलिस कर्मी द्वारा संबंधित मकान मालिक के साथ मिलीभगत कर पहले जुआ फड़ बैठाने और फिर छापा पड़वाने की कथित योजना बनाई गई थी। चर्चा यह भी है कि इस घटनाक्रम के पीछे थाने के कुछ पुलिसकर्मियों के बीच आपसी मतभेद और खींचतान की भूमिका हो सकती है।

स्थानीय स्तर पर यह भी कहा जा रहा है कि योजना में शामिल बताए जा रहे उक्त पुलिसकर्मी की निलंबित पांचों पुलिसकर्मियों से पटरी नहीं खाती थी। बहरहाल जांच के बाद ही इसकी वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। बता दें कि 27 नवंबर को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास एक सूने मकान में जुआ खेलने की सूचना पर जिला स्तरीय पुलिस टीम ने दबिश दी थी।

कार्रवाई में सात लोगों को गिरफ्तार कर 99 हजार छह सौ रुपए नगद, 52 पत्ती ताश, सात मोबाइल फोन, तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक ओमनी कार जब्त की गई थी। उक्त मामले की विस्तृत खबर नईदुनिया में शनिवार को प्रकाशित हुई थी।

वर्जन

जुआ फड़ जिस मकान में चल रहा था वह जयभगवान अग्रवाल का है। फड़ मेें पुलिस टीम के छापे के दौरान वह मौके से फरार हो गया था। वह हमारा आरोपित है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

योगेश कुमार पटेल, पुलिस अधीक्षक सूरजपुर

 

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page