रायपुर । (सियासत दर्पण न्यूज़) भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की कोरबा के बालको ब्रांच में 93.60 लाख रुपए के गबन के मामले में EOW ने तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को गिरफ्तार किया है। उसे झारखंड के दुमका स्थित उसके घर से पकड़ा गया। आरोप है कि बैंक में पदस्थ रहने के दौरान उसने बैंक के इंटर्नल खातों से रकम निकालकर अपनी पत्नी, ड्राइवर और अन्य लोगों के खातों में ट्रांसफर कर दी थी। इससे बैंक को 93 लाख 60 हजार 797 रुपए का नुकसान हुआ। आरोपी को छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मिली है।
अब जानिए पूरा मामला
बैंक की शिकायत पर साल 2020 में केस दर्ज किया गया था। करीब छह साल बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने आरोपी को झारखंड के दुमका के उसके घर से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पूछताछ के लिए आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
इस नाम के खातों में ट्रांसफर किए रुपए
एसीबी के मुताबिक, सुनील कुमार झा 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 तक एसबीआई की बालको ब्रांच में मुख्य प्रबंधक था। इस दौरान बैंक के खातों और पैसों के लेनदेन की जिम्मेदारी उसके पास थी। साल 2020 में बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने ईओडब्ल्यू/एसीबी मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि सुनील झा ने बैंक के खातों से बिना अनुमति 93 लाख 60 हजार 797 रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए। इनमें उसकी पत्नी श्वेता झा और ड्राइवर रूदेश्वर सिंह ठाकुर के खाते भी शामिल थे। इसके अलावा बैंक के दूसरे खाताधारकों के खातों में भी रकम भेजी गई थी।
बैंक के तीन आंतरिक खातों से निकाली गई थी रकम
जांच में पता चला कि रकम बैंक के तीन इंटर्नल खातों से निकाली गई थी। इनमें टर्म लोन ब्याज खाता, सिस्टम सस्पेंस खाता और डिस्काउंट खाता शामिल हैं। एसीबी ने इन खातों के स्टेटमेंट के साथ सुनील झा की पत्नी श्वेता झा, ड्राइवर रूदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट भी जब्त किए हैं।
इसके अलावा बैंक से रकम ट्रांसफर करने से जुड़े मूल बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर भी जब्त किए गए हैं। इन दस्तावेजों से पता चला कि बैंक के आंतरिक खातों से रकम निकालकर दूसरे खातों में भेजी गई थी। एसीबी के मुताबिक, ये सभी वाउचर सुनील झा ने ही तैयार किए थे।
पहले 409 में केस, जांच के बाद धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार की धाराएं भी जुड़ीं
बैंक की शिकायत पर एसीबी ने वर्ष 2020 में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 409 के तहत अपराध दर्ज किया था। इसका अपराध क्रमांक 07/2020 है। जांच के दौरान बैंक के दस्तावेजों और पैसों के लेनदेन से जुड़े सबूत मिलने पर मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(ए), 13(2) और आईपीसी की धारा 420, 467, 468 और 471 भी जोड़ी गई।
एसीबी का आरोप है कि आरोपी ने बैंक अधिकारी के पद पर रहते हुए मिली जिम्मेदारी का गलत इस्तेमाल किया और बैंक की रकम अवैध तरीके से दूसरे खातों में ट्रांसफर की।
दुमका में घर से पकड़ा, ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाई टीम
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसीबी बिलासपुर की टीम लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार टीम ने उसे दुमका स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे छत्तीसगढ़ लाया गया। कोरबा की संबंधित अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसीबी मामले की आगे जांच कर रही है।
