(सियासत दर्पण न्यूज़) धान गबन का बड़ा खुलासा: बलौदाबाजार जिले के सिमगा विकासखंड में धान खरीदी और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में बड़ी अनियमितता सामने आई है। खाद्य विभाग की टीम ने दो राइस मिलों पर छापा मारकर 28,871.24 क्विंटल धान की कमी पकड़ी है। इस गबन की अनुमानित कीमत करीब 6.83 करोड़ रुपये आंकी गई है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर हुई कार्रवाई के बाद दोनों मिल संचालकों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।
मिलों में मिला बेहद कम स्टॉक
जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा के नेतृत्व में टीम ने ग्राम मोहरा स्थित श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज और सलूजा इंडस्ट्रीज में भौतिक सत्यापन किया। श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में 14,324.59 क्विंटल चावल जमा करना शेष था, लेकिन मिल परिसर में केवल 190.50 क्विंटल चावल और 1,541.60 क्विंटल धान मिला। सलूजा इंडस्ट्रीज को 6,459.77 क्विंटल चावल जमा करना बाकी था, जबकि मौके पर सिर्फ 3.60 क्विंटल धान और 12 क्विंटल चावल पाया गया।
करोड़ों रुपये की गड़बड़ी
श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज में 19,351.80 क्विंटल धान कम मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 58 लाख 44 हजार 414 रुपये है। सलूजा इंडस्ट्रीज में 9,519.44 क्विंटल धान कम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 25 लाख 51 हजार 553 रुपये आंकी गई है। दोनों मिलों में कुल 28,871.24 क्विंटल धान कम दर्ज हुआ। बार-बार निर्देश के बावजूद दोनों मिलों की ओर से तय चावल जमा नहीं कराया जा रहा था।
संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज
जांच के दौरान मिल संचालक राहुल अग्रवाल और दारा सिंह सलूजा धान की कमी के संबंध में कोई दस्तावेजी साक्ष्य पेश नहीं कर सके। इसके बाद खाद्य विभाग ने दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी लक्ष्मण कश्यप, खाद्य निरीक्षक कमल नारायण साहू और शीतलेश यादव शामिल रहे। जिला प्रशासन ने कहा है कि धान खरीदी, भंडारण और कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
