Home / छत्तीसगढ़ / *सीतापुर में गुंडागर्दी के खिलाफ रात भर संग्राम*

*सीतापुर में गुंडागर्दी के खिलाफ रात भर संग्राम*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

अंबिकापुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) शादी समारोह में हुए विवाद से सीतापुर शहर में सोमवार देर रात तनाव का माहौल निर्मित हो गया। दो समुदाय के युवकों के बीच मारपीट की घटना के बाद सीतापुर के उरांवपारा के लोग सड़क पर उतर आए। आरोप है कि मुस्लिम समुदाय के कुछ युवक स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल से उरांवपारा पहुंचे और मारपीट तथा गाली-गलौज करते हुए गुंडागर्दी की। राह चलते लोगों को पीटा गया। इसके विरोध में उरांव समाज के लोग रात तक थाने के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठे रहे।

इस कारण मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीतापुर थाने के पास दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर रात आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी और गिरफ्तारी के आश्वासन पर विवाद शांत हुआ। मंगलवार सुबह से सीतापुर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के विरोध में लोग शहर बंद कराने निकले हैं। अभी भी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 29 नवंबर की रात उरांवपारा निवासी अमन खेस एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहीं काराबेल के टोकोपारा निवासी निक्कू खान और महेश दास से उसका विवाद हो गया। निक्कू खान टेंट व्यवसाय से जुड़ा है। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। बाद में दोनों पक्ष सीतापुर थाना पहुंचे। अमन खेस का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ निक्कू खान की शिकायत पर उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली, जबकि उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की।

इतना ही नहीं इसी विवाद को लेकर सोमवार की रात टोकोपारा के मुस्लिम युवक कथित रूप से स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल से सीतापुर के उरांवपारा पहुंचे। यहां अमन खेस के साथ जिसे चाहा उसे मारा। भय का माहौल बनाकर महिलाओं से बदतमीजी की। इससे उरांव समाज के लोग आक्रोशित हो गए। उरांव समाज के लोग सड़क पर उतर गए। सीतापुर थाने के सामने अंबिकापुर-पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोग धरने पर बैठ गए।
सीतापुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग से विवाद बढ़ गया था। रात होते-होते बड़ी संख्या में उरांव समाज के लोग थाने के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैठ गए। इससे आवागमन भी बाधित हो गया। देर रात 12 बजे तक धरना जारी रहा। जाम के कारण दोनों ओर ट्रकों और दूसरी वाहनों की लंबी कतार लग गई।

एसडीओपी राजेंद्र मंडावी के साथ सीतापुर पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करती रही लेकिन आक्रोशित लोगों ने चिन्हित आरोपितों को तत्काल पकड़ने की मांग जारी रखी। इससे माहौल गरमाया हुआ था। देर रात अंबिकापुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों सीतापुर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की।

अधिकारियों ने बताया कि अमन खेस की शिकायत पर भी एफआइआर दर्ज की जा रही है और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी होगी। इसके बावजूद देर रात तक धरना जारी रहा। आखिरकार मध्य रात्रि के बाद पुलिस की समझाइश का असर हुआ और विरोध प्रदर्शन समाप्त किया गया। इसी बीच सीतापुर के कई व्हाट्सएप ग्रुप में मंगलवार को घटना के विरोध में नगर बंद की अपील की गई। सुबह से सीतापुर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। लोग सड़क पर उतर मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग कर शहर बंद कराने निकले हैं।

 

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page