Home / राजधानी / *रायपुर में शराब तस्कर गिरफ्तार*

*रायपुर में शराब तस्कर गिरफ्तार*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर के गंज इलाके में शराब और जुआ खिलाने का सिंडिकेट चलाने वाले आरोपी दीपक मुदलियार को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। साथ ही आरोपी को कोर्ट के निर्देश पर जेल भेज दिया गया है।

क्राइम ब्रांच और गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दीपक को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दीपक मुदलियार कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए गुपचुप तरीके से आत्मसमर्पण की योजना बना रहा है।

एसीपी कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल रणनीति बदलते हुए कोर्ट परिसर के आसपास सादे कपड़ों में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। इस त्वरित कार्रवाई से आरोपी के कोर्ट के जरिए बच निकलने के सभी रास्ते बंद हो गए।

दीपक मुदलियार गंज इलाके में अवैध शराब तस्करी और जुआ के एक बड़े सिंडिकेट का संचालक था। उसका नेटवर्क इतना मजबूत था कि पुलिस की छिटपुट कार्रवाइयों के बावजूद उसका अवैध कारोबार लगातार चलता रहता था।

इलाके में अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए वह लोगों को डराने-धमकाने के साथ अन्य आपराधिक गतिविधियों का भी सहारा लेता था। उसके खिलाफ अवैध शराब की बिक्री और जुआ अधिनियम के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

जानकारों के अनुसार, मुदलियार को स्थानीय नेताओं का संरक्षण भी प्राप्त था, जिसके चलते वह बेखौफ होकर अपने सिंडिकेट के जरिए अवैध कारोबार संचालित करता था।

गंज मंडी इलाके में अवैध रूप से शराब बिकवाने वाले दीपक मुदलियार के लोगों का वहां के दुकानदार समीर खान से विवाद हो गया था। इसके बाद समीर खान ने मामले की शिकायत गंज थाना पुलिस से की थी।

गंज पुलिस ने दुकान मालिक से मारपीट करने वाले लोगों पर कार्रवाई की, लेकिन दीपक मुदलियार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर दुकानदार ने उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी।

शिकायत के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मुदलियार के ठिकानों पर दोबारा दबिश दी, जहां से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। इस दौरान उसके कुछ साथी पकड़े गए, लेकिन वह फिर फरार हो गया।

इस कार्रवाई के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी और आखिरकार सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल, पुलिस आरोपी के खिलाफ मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page